
डाट काली मंदिर से महिंद्रा ग्राउंड तक सुरक्षा, यातायात और व्यवस्थाओं का लिया जायजा; मुख्य सचिव बोले—दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से पर्यटन और अर्थव्यवस्था को मिलेगा बड़ा बल
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित उत्तराखण्ड दौरे को लेकर शासन-प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। तैयारियों को अंतिम रूप देने के क्रम में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने शनिवार को कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने डाट काली मंदिर से लेकर महिंद्रा ग्राउंड, गढ़ी कैंट तक सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन तथा अन्य जरूरी इंतजामों को परखा। इस अवसर पर मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाकचौबंद रखी जाए और किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरती जाए।
मुख्य सचिव ने शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीएम दौरे के दौरान आमजन को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए ठोस और प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाए। साथ ही, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर कार्यक्रम को सुचारू और सफल बनाने पर जोर दिया।

मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे राज्य के लिए कई मायनों में लाभकारी साबित होगा। इससे दिल्ली-एनसीआर से देहरादून की दूरी समय के लिहाज से काफी कम हो जाएगी। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे बनने से पर्यटन को नई गति मिलेगी, चारधाम यात्रा की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।
इस दौरान मुख्य सचिव ने डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की।
निरीक्षण के समय सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोभाल, नगर आयुक्त श्रीमती नमामी बंसल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


Recent Comments