विकासनगर(आरएनएस)। चकराता तहसील के खाटुवा गांव के निवासी राहुल राणा ने शिक्षा और विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट मुकाम हासिल किया है। उनका चयन स्वीडन के चाल्मर्स यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी, गोथेनबर्ग में प्रोफेसर कर्स्टन नूडसन के साथ वैज्ञानिक के पद पर हुआ है। उन्होंने अपने गांव के स्कूल से प्राथमिक शिक्षा पूरी की। उस समय गांव में सड़क, बिजली और मोबाइल नेटवर्क जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं थी। कठिन परिस्थितियों में उन्होंने महर्षि अरविंद घोष इंटर कॉलेज, डाकपत्थर से आगे की पढ़ाई की। साल 2018 में राहुल ने पंजाब के भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान मोहाली से पांच वर्षीय बीएस-एमएस डिग्री भौतिकी में पूरी की। तत्पश्चात उन्होंने इसरो, भारतीय तारा भौतिकी संस्थान एवं रमन अनुसंधान संस्थान बंगलुरु में शोध प्रशिक्षण प्राप्त किया। हाल ही (2021 से 2025) में उन्होंने इंग्लैंड के लैंकेस्टर विश्वविद्यालय से डॉ. जूली वार्डलो के मार्गदर्शन में आकाश गंगाओं के निर्माण और विकास पर पीएचडी की डिग्री हासिल की। इस दौरान उन्होंने स्कॉटलैंड, फ्रांस, वेल्स तथा इंग्लैंड के प्रतिष्ठित संस्थानों में अपना शोध कार्य प्रस्तुत किया। किसान सैजराम राणा और गृहणी मुन्नी देवी के बेटे राहुल का यह प्रेरणादायक जीवन सफर क्षेत्र के युवाओं के लिए एक मिसाल है, जो जौनसर बावर क्षेत्र और देश का नाम ऊंचा करने की अभिलाषा रखते हैं।

Recent Comments