देहरादून। देहरादून पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य संगठित अपराधों में लिप्त आदतन अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून द्वारा सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि गैंगस्टर व गुंडा अधिनियम के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई कर ऐसे अपराधियों पर कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। इसी क्रम में थाना रायपुर पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे गैंगस्टर एक्ट के अभियुक्त आयुष रावत को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार यह मामला मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ा है, जिसमें अभियुक्त अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गिरोह बनाकर तस्करी में लिप्त था। इस प्रकरण में जिलाधिकारी देहरादून से अनुमोदन प्राप्त करने के बाद थाना रायपुर पर मु0अ0सं0–293/25, धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। अभियोग में नीरज कठैत (पुत्र रोशन कठैत, निवासी ग्राम साबली तल्ली चम्बा, जनपद टिहरी गढ़वाल, हाल पता गोविन्द विहार IT पार्क, थाना रायपुर देहरादून), सौरभ चौहान (पुत्र वीर सिंह चौहान, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम डनसारा, थाना देवप्रयाग, जनपद टिहरी गढ़वाल, हाल पता गोविन्द विहार IT पार्क), आयुष रावत (पुत्र त्रिलोक सिंह रावत, निवासी ग्राम निगेर, थाना देवप्रयाग, जनपद टिहरी गढ़वाल) तथा धर्मराज धामी (पुत्र हरिलाल, निवासी ग्राम छबीस पाथेभेरा, थाना बजांग चैनपुर, जिला बजांग, नेपाल) को नामजद किया गया था।
रायपुर पुलिस ने इस अभियोग में पूर्व में नीरज कठैत, सौरभ चौहान और धर्मराज धामी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि चौथा अभियुक्त आयुष रावत अभियोग दर्ज होने के बाद से ही लगातार गिरफ्तारी से बचता हुआ फरार चल रहा था। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना रायपुर में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सुरागरसी/पतारसी करते हुए अभियुक्त के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां एकत्र कीं, उसके छिपने के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई और इन्हीं सूचनाओं के आधार पर दिनांक 05/03/2026 को अभियुक्त को ऋषिकेश क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त आयुष रावत (पुत्र त्रिलोक सिंह रावत) का स्थायी पता ग्राम निगेर, थाना देवप्रयाग, जनपद टिहरी गढ़वाल बताया गया है। वर्तमान में उसका पता टीएचडीसी कॉलोनी, ऋषिकेश, देहरादून दर्ज है तथा उसकी उम्र 22 वर्ष है। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मामले में वांछित था और अभियोग पंजीकृत होने के बाद से लगातार फरार चल रहा था।
इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में अ0उ0नि0 सुशील बलूनी, का0 प्रेम पंवार और का0 गजेन्द्र सिंह शामिल रहे। पुलिस अब मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई करते हुए गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Recent Comments