उत्तराखंड में राष्ट्रीय लोकदल का बड़ा दांव, 2027 के लिए तैयार किया यह खास प्लान

देहरादून में रालोद का कुनबा बढ़ा: पूर्व मंत्री नीरपाल सिंह ने महिलाओं को दिलाई सदस्यता

उत्तराखंड की सियासत में ‘तीसरी ताकत’ बनने की कोशिश में जयंत चौधरी की पार्टी, जमीन मजबूत करने की कवायद तेज

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी बिसात अभी से बिछनी शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश की राजनीति में मजबूत दखल रखने वाला राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) अब देवभूमि उत्तराखंड में अपने पैर पसारने की तैयारी में पूरी ताकत से जुट गया है। पार्टी ने राज्य में खुद को तीसरी राजनीतिक ताकत के रूप में स्थापित करने के लिए सांगठनिक फेरबदल और सदस्यता अभियान तेज कर दिया है।

इसी सिलसिले में बुधवार को राजधानी देहरादून के उज्जवल रेस्टोरेंट में राष्ट्रीय लोकदल खेल प्रकोष्ठ की एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व राज्यमंत्री चौधरी नीरपाल सिंह ने साफ किया कि पार्टी का मुख्य फोकस अब उत्तराखंड के जमीनी कैडर को मजबूत करने पर है। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही किसी भी राजनीतिक दल की असली ताकत होता है।

इस मौके पर पार्टी कुनबे का विस्तार करते हुए महिलाओं को प्राथमिकता दी गई। एडवोकेट तनिशा, मीनाक्षी कश्यप और पूनम अग्रवाल ने राष्ट्रीय लोकदल की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। मुख्य अतिथि चौधरी नीरपाल सिंह ने इन सभी महिला नेताओं को पार्टी का आधिकारिक पटका पहनाकर संगठन में उनका स्वागत किया और उम्मीद जताई कि इससे उत्तराखंड में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी।

केंद्रीय मंत्री और रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के निर्देशों का हवाला देते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि पार्टी सीधे जनता से संवाद स्थापित करेगी। इसके लिए बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक मजबूत कमेटियों का गठन किया जाएगा। उत्तराखंड के युवाओं, खिलाड़ियों और किसानों को जोड़ने के लिए खेल प्रकोष्ठ एक विशेष अभियान चलाएगा ताकि जन-जन की समस्याओं को उठाकर उनका समाधान किया जा सके।

पार्टी अपनी खोई जमीन तलाशने और नए वोट बैंक को साधने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की नीतियों और विचारों का सहारा लेगी। चौधरी नीरपाल सिंह ने बताया कि चौधरी चरण सिंह की विचारधारा का प्रचार-प्रसार उत्तराखंड के कोने-कोने में किया जाएगा। पार्टी की रणनीति केवल मैदानी इलाकों तक सीमित रहने की नहीं, बल्कि पर्वतीय क्षेत्रों के दूरदराज के गांवों तक पहुंचने की है।

रणनीति को अमलीजामा पहनाने के लिए अगले महीने यानी जून में देहरादून के भीतर एक विशाल प्रांतीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन तय किया गया है। इस सम्मेलन में राज्यभर के पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां बांटी जाएंगी। देहरादून के इस मुख्य कार्यक्रम के बाद सिलसिलेवार ढंग से उत्तराखंड के सभी शेष 12 जिलों में भी बड़े कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर चुनावी माहौल तैयार किया जाएगा।

इस प्रेस वार्ता और सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम के दौरान मंच पर राष्ट्रीय लोकदल और सहयोगी संगठनों के कई वरिष्ठ चेहरे मौजूद रहे। इनमें पार्टी के वरिष्ठ नेता मुकेश चौधरी, योगेश प्रताप सिंह और भारतीय किसान यूनियन (एकता शक्ति) के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा प्रमुख रूप से शामिल थे। इसके अतिरिक्त राजदीप, राज कुमार छाबड़ा, वरुण छाबड़ा और सूर्य प्रकाश भट्ट ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लेकर संगठन को मजबूत करने की शपथ ली।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments