देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में नैनीताल एवं ऊधमसिंहनगर जनपद की विभिन्न विधानसभाओं से संबंधित घोषणाओं की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायकगण अपने क्षेत्रों की समस्याओं को शासन तक पहुंचाते हैं, इसलिए उन पर गंभीरता से कार्यवाही करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने अल्पकालिक कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने और दीर्घकालिक योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में चरणबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों की प्रगति में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि बहु-विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए और इन योजनाओं की नियमित समीक्षा मुख्य सचिव स्तर पर की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच निरंतर संवाद से समस्याओं का सही समाधान संभव होगा और विकास कार्यों में गुणवत्ता व गति दोनों सुनिश्चित होंगी।

बैठक में आगामी वर्षाकाल को ध्यान में रखते हुए बरसाती नालों की सफाई, सिल्ट हटाने और जल निकासी से संबंधित कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्रीष्मकाल में संभावित वनाग्नि की रोकथाम हेतु विभागीय समन्वय और जनजागरूकता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
मुख्यमंत्री ने पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में निर्बाध जल और बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
बैठक में विधायकगणों ने सड़क निर्माण एवं मरम्मत, स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण, मिनी खेल मैदानों का निर्माण, जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा, बाढ़ सुरक्षा कार्य और जलभराव जैसी समस्याओं को उठाया। मुख्यमंत्री ने इन सभी मुद्दों पर गंभीरता से विचार करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, राम सिंह कैड़ा, बंशीधर भगत, दीवान सिंह बिष्ट, त्रिलोक सिंह चीमा, शिव अरोड़ा, सरिता आर्य, डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिवगण, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष तथा वर्चुअल माध्यम से कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत एवं संबंधित जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments