

कलेक्ट्रेट परिसर में 9 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा का लोकार्पण, पार्किंग और आधारभूत सुविधाओं के विकास पर जोर
रुद्रपुर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद भ्रमण के दौरान रुद्रपुर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में महान क्रांतिकारी शहीद ऊधम सिंह की पुण्यतिथि पर स्थापित 9 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया। करीब 40 लाख रुपये की लागत से स्थापित इस प्रतिमा पर मुख्यमंत्री ने पुष्पांजलि अर्पित कर अमर शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति तथा सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का जीवन देशभक्ति, आत्मसम्मान और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का अमर प्रतीक है। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रहित में समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनसुविधाओं को मजबूत करने वाली कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। उन्होंने 120.18 लाख रुपये की लागत से कलेक्ट्रेट परिसर में निर्मित पार्किंग, लैंडस्केपिंग और ड्रेन निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। इस परियोजना से परिसर में पार्किंग व्यवस्था बेहतर होने के साथ-साथ सौंदर्यीकरण और जल निकासी की सुविधाएं भी मजबूत होंगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने रुद्रपुर स्थित कैनाल कॉलोनी में 264.97 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सरफेस पार्किंग का शिलान्यास किया। इस परियोजना के पूरा होने पर क्षेत्र में यातायात प्रबंधन को मजबूती मिलेगी और नागरिकों को सुव्यवस्थित पार्किंग सुविधा मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के विकास, जनसुविधाओं के विस्तार और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रत्येक विकास कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जा रहा है, ताकि आमजन को उसका सीधा लाभ मिल सके।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से पंजाब में निवासरत शहीद ऊधम सिंह के परिजनों से भी वार्ता की। उन्होंने कहा कि शहीद ऊधम सिंह के बलिदान और साहस को प्रदेश सदैव स्मरण रखेगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर में रुद्राक्ष का पौधा भी रोपा।
कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मनोज पाल, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दर्जा राज्य मंत्री अनिल कपूर डब्बू, मंजीत सिंह, सुरेंद्र सिंह नामधारी, श्रीमती फरजाना बेगम, रणजीत सिंह नामधारी, उत्तम दत्ता, रामपाल सिंह, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, भाजपा प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा, नगर पालिका गदरपुर के अध्यक्ष मनोज गुम्बर, नगर पंचायत गुलरभोज के अध्यक्ष सतीश चुघ, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती रीना गौतम, पूर्व दर्जा मंत्री राजेश कुमार, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन, डीजीसी मनोज तिवारी, बरीत सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments