तहसील दिवस में एसडीएम ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

रिखणीखाल में 22 शिकायतें दर्ज, अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण

पौड़ी गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में मंगलवार को रिखणीखाल में उपजिलाधिकारी लैंसडाउन शालिनी मौर्य की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों द्वारा कुल 22 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से अधिकांश का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से विद्युत, पेयजल, लोक निर्माण विभाग तथा पीएमजीएसवाई से संबंधित समस्याएं शामिल रहीं।

उपजिलाधिकारी ने जनसमस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पेयजल संकट बना हुआ है, वहां आवश्यकता अनुसार टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जाए। साथ ही सभी पेयजल योजनाओं के मरम्मत एवं अनुरक्षण कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं, ताकि गर्मी के मौसम में ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

विद्युत आपूर्ति से संबंधित शिकायतों पर उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि फॉल्ट की समस्याओं का तत्काल निरीक्षण कर समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त विद्युत लाइनों से सटे एवं टकरा रहे पेड़ों की लॉपिंग कर निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

उपजिलाधिकारी ने कहा कि तहसील दिवस प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी मंच है। इससे स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं का समाधान संभव हो पाता है तथा लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छोटी एवं सामान्य शिकायतों का यथासंभव मौके पर ही निस्तारण किया जाए।

उन्होंने क्षेत्रीय अधिकारियों से विकास कार्यों की नियमित निगरानी एवं स्थलीय निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही शिकायतों के निस्तारण की सूचना संबंधित शिकायतकर्ताओं तक पहुंचाने के भी निर्देश दिए। तहसील दिवस के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गयी।

इस अवसर पर तहसीलदार विद्यानंद सेमवाल, एडीओ पंचायत सुनील कोटनाला, जेई पेयजल अनु गैरोला, जेई जल संस्थान शनि कुमार, खाद्य पूर्ति निरीक्षक प्रियंका बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments