
Operation Fake Pill जारी: लाइसेंस रद्द होने के बाद भी चल रहा था उत्पादन, तेलंगाना पुलिस भी कर चुकी थी 2024 में छापेमारी
कोटद्वार/देहरादून। उत्तराखंड STF का “Operation Fake Pill” बेरोकटोक जारी है। गुरुवार को दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी के महज 24 घंटे के भीतर शुक्रवार को STF ने कोटद्वार के SIDCUL सिगड्डी क्षेत्र में स्थित मैसर्स नैक्टर हर्ब्स एंड ड्रग्स नामक अवैध दवा फैक्ट्री को सील कर दिया। यह फैक्ट्री न केवल बिना लाइसेंस के संचालित हो रही थी बल्कि इस पर कोरोना काल में नकली रेमडेसिविर बनाने के भी गंभीर आरोप लग चुके हैं।
लाइसेंस रद्द, फिर भी चल रहा था काम
STF को इनपुट मिला था कि कोटद्वार क्षेत्र में एक अवैध फैक्ट्री में नकली दवाओं का निर्माण धड़ल्ले से जारी है। सूचना का सत्यापन होते ही STF ने औषधि विभाग, राजस्व और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम के साथ फैक्ट्री परिसर में सघन छापेमारी की। निरीक्षण में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि इस फैक्ट्री का औषधि निर्माण लाइसेंस वर्ष 2024 में ही निरस्त किया जा चुका था — बावजूद इसके परिसर में दवा निर्माण की मशीनें और उपकरण सक्रिय अवस्था में पाए गए। मौके से लगभग 3 किलोग्राम कम्प्रेस्ड टैबलेट और टैबलेट निर्माण में प्रयुक्त 34 पंच उपकरण बरामद किए गए।
कोरोना काल से चला आ रहा है काला कारोबार
यह फैक्ट्री पहली बार नहीं पकड़ी गई। वर्ष 2021 में कोरोना महामारी के दौरान जब देश में रेमडेसिविर इंजेक्शन की भारी किल्लत थी और लोग जान बचाने के लिए दर-दर भटक रहे थे, तब इसी फैक्ट्री पर नकली रेमडेसिविर बनाने के आरोप लगे थे। इसके बाद 2024 में तेलंगाना पुलिस ने भी इस फैक्ट्री में छापेमारी कर नकली दवाओं के रैपर और भारी मात्रा में नकली दवाओं का जखीरा बरामद किया था। इतने गंभीर इतिहास के बावजूद यह फैक्ट्री बंद नहीं हुई और अवैध उत्पादन जारी रहा।
कौन है फैक्ट्री मालिक?
फैक्ट्री का स्वामी विशद कुमार पुत्र भीम सिंह निवासी गली नंबर-1, चांदपुर, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) है। फैक्ट्री का पंजीकृत नाम मैसर्स नैक्टर हर्ब्स एंड ड्रग्स, सिडकुल सिगड्डी, कोटद्वार, जनपद पौड़ी गढ़वाल है। फैक्ट्री परिसर को नियमानुसार सील कर दिया गया है और बरामद सामग्री पुलिस अभिरक्षा में ले ली गई है। औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 तथा फैक्ट्री संचालन संबंधी वैधानिक प्रावधानों के उल्लंघन में अग्रिम कानूनी कार्रवाई प्रचलित है।
इस संयुक्त अभियान में STF की टीम में निरीक्षक यादविंदर सिंह बजवा, उप निरीक्षक दीपक मेठाणी, अपर उप निरीक्षक योगेंद्र चौहान और कांस्टेबल रवि पंत, दीपक चंदोला, प्रशांत चौहान व दीपक नेगी शामिल रहे। संयुक्त टीम में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक नीरज कुमार, औषधि निरीक्षक सीमा बिष्ट, नायब तहसीलदार राजेंद्र सेमवाल और राजस्व निरीक्षक आशीष कैमनी भी सम्मिलित रहे।
जनता से STF की अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अवैध दवा फैक्ट्री या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल STF को दें। दवाइयां केवल लाइसेंसधारी मेडिकल स्टोर से ही खरीदें।
📞 STF हेल्पलाइन: 9412029536 (सूचनाकर्ता का नाम गोपनीय रखा जाएगा)

Recent Comments