देहरादून में सचिव समिति की बैठक, उपनल कर्मियों के अनुबंध और प्रमोशन पर सख्त निर्देश

देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में सचिव समिति की बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागीय कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य सचिव ने उपनल कर्मियों और विभागों के बीच अनुबंध के मुद्दे पर गंभीरता बरतने को कहा। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को अगले 3 दिनों के भीतर अपने-अपने विभाग में उपनलकर्मियों के साथ अनुबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चेतावनी दी कि तय समय में अनुबंध नहीं होने पर संबंधित विभागाध्यक्ष को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी।

कर्मचारियों के प्रमोशन और एसीआर पर भी चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने कहा कि प्रमोशन को लेकर पहले जारी शासनादेश का शत-प्रतिशत अनुपालन किया जाए। 30 जून 2027 तक प्रमोशन के पात्र कर्मचारियों की प्रक्रिया अगले एक माह में शुरू की जाए। साथ ही सभी विभागों को अपने अधीन कर्मियों की एसीआर और बैच क्रिएशन का काम तत्काल पूरा कर निर्धारित समय सीमा में आगे की प्रक्रिया पूरी करने को कहा।

कृषि विभाग में लागू सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (सीबीडीसी) योजना को उद्यान और अन्य लाभार्थी केंद्रित योजनाओं में भी लागू करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए टाइमलाइन तय कर संभावनाएं तलाशने और संबंधित विभागों के साथ सीबीडीसी पर कार्यशाला आयोजित करने को कहा गया।

बैठक में प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, एल. फ़ैनई, विशेष प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, दिलीप जावलकर, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, चंद्रेश कुमार यादव, श्रीधर बाबू अद्दांकी, डॉ. आर. राजेश कुमार, एस. एन. पाण्डेय, ज्योति यादव, विनोद कुमार सुमन, रणवीर सिंह चौहान और आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments