सिल्क्यारा टनल हादसा: शॉटक्रीट गिरने से 1 कार्मिक की मौत, DM प्रशांत आर्य ने SDM को सौंपी मजिस्ट्रेट जांच

उत्तरकाशी। सिल्क्यारा टनल निर्माण कार्य में बुधवार रात बड़कोट साइड से लगभग 900 मीटर अंदर शॉटक्रीट लाइनिंग का एक ब्लॉक टूटकर गिर गया। इस हादसे में एक कार्मिक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने घटना का संज्ञान लेते हुए उपजिलाधिकारी बड़कोट बृजेश तिवारी को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए। DM ने कहा कि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाए और कार्यदायी संस्था NHIDCL के सुरक्षा मानकों की गहनता से जांच की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता और अन्य विधिक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने टनल के भीतर मौजूद अन्य श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी सभी आवश्यक वैधानिक कदम उठाने को कहा।

DM के निर्देशों के क्रम में एसडीएम बृजेश तिवारी ने गुरुवार सुबह सिल्क्यारा टनल पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने NHIDCL के अधिकारियों, मौके पर उपस्थित कार्मिकों और श्रमिकों से सीधे बातचीत कर घटना की जानकारी ली। पुलिस निरीक्षक सुभाष चंद्र सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन द्वारा घटना के कारणों और परिस्थितियों से संबंधित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने प्रकरण की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश भी जारी कर दिए हैं। एसडीएम बड़कोट को जांच अधिकारी नामित किया गया है। DM ने निर्देश दिए हैं कि जांच अधिकारी 15 दिनों के भीतर घटना से संबंधित सभी तथ्यों, सुरक्षा मानकों के अनुपालन और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उपायों पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को जांच में पूरा सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि जांच समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके।

फिलहाल टनल के भीतर बचाव और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। प्रशासन ने कार्यदायी संस्था से श्रमिकों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम करने को कहा है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments