बस से उठे धुएं से मचा हड़कंप, 40 छात्रों की जान बची

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी में एक बड़ा हादसा टल गया। पटेल नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सेंट जूड चौक के समीप शिमला बाईपास रोड पर चलती एक निजी बस में अचानक आग लग गई। बस में सवार सभी 40 छात्रों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार, तमिलनाडु से आए 40 छात्र अखिल भारतीय शैक्षणिक भ्रमण पर उत्तराखंड पहुंचे थे। गुरुवार सुबह यह दल हरिद्वार से देहरादून स्थित वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) के दर्शन के लिए बस से रवाना हुआ था। इसी दौरान सेंट जूड चौक के पास बस के इंजन हिस्से से अचानक धुआं उठने लगा।

स्थिति को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को तुरंत सड़क किनारे रोक दिया। घटना की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया। बस में सवार सभी छात्रों को दरवाजों और खिड़कियों के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। पटेल नगर थाना प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि इस घटना में कोई भी छात्र घायल नहीं हुआ है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

घटना के चलते कुछ समय के लिए शिमला बाईपास रोड पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments