विशेष रूप से सक्षम महिला अधिवक्ता ने केशव थलवाल पर लगाया उत्पीड़न का आरोप 

धनराशि लेने, शादी का दबाव बनाने और सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज

देहरादून। राजधानी के कोतवाली नगर क्षेत्र में एक विशेष रूप से सक्षम महिला अधिवक्ता ने केशव थलवाल नामक युवक के खिलाफ मानसिक, आर्थिक और सामाजिक उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में महिला अधिवक्ता ने बताया कि उसकी पहचान केशव थलवाल से “जागो उत्तराखण्ड” नामक फेसबुक पेज के माध्यम से हुई थी। आरोप है कि आरोपी ने स्वयं को पीड़ित, आर्थिक रूप से कमजोर और पुलिस प्रताड़ना का शिकार बताकर उसका विश्वास जीता। इसके बाद भावनात्मक और आर्थिक मजबूरी का हवाला देकर गूगल पे समेत अन्य माध्यमों से उससे धनराशि प्राप्त की।

पीड़िता का आरोप है कि जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो केशव थलवाल ने अपमानजनक व्यवहार करते हुए धन लौटाने से इनकार कर दिया। साथ ही उसकी निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर सार्वजनिक रूप से बदनाम करने की धमकी भी दी गई।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने अपने परिचितों और दोस्तों के बीच महिला को अपनी गर्लफ्रेंड बताकर उस पर शादी करने का दबाव बनाया। पीड़िता के अनुसार, उसे फर्जी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में प्रचारित-प्रसारित करने तथा सामाजिक रूप से बदनाम करने की धमकी दी जाती रही। इतना ही नहीं, आत्महत्या कर सुसाइड नोट में उसका नाम लिखकर झूठे मुकदमे में फंसाने का भय दिखाकर भी मानसिक दबाव बनाया गया।

महिला अधिवक्ता ने शिकायत में यह भी कहा कि 3 मई 2026 को उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने अपना नाम त्रिलोक नकोटी बताते हुए कहा कि वह केशव थलवाल का दोस्त है और केशव ने आत्महत्या का प्रयास किया है। आरोप है कि कॉल करने वाले ने इस घटना के लिए महिला को जिम्मेदार ठहराया और उस पर केशव से विवाह करने का दबाव बनाया। साथ ही बात न मानने पर दोबारा ऐसा कदम उठाने और सामाजिक रूप से बदनाम करने की धमकी भी दी गई।

कोतवाली नगर पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0-183/2026 के तहत धारा 318(2), 351(3) और 78 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक प्रकरण में अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments