सेलाकुई चोरी का खुलासा, दो गिरफ्तार, किशोर हिरासत में
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दून की अपराध पर नियंत्रण की सटीक रणनीति एक बार फिर सफल सिद्ध हुई है। थाना सेलाकुई क्षेत्र में बंद घर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग 5 लाख रुपये मूल्य की चोरी की गई ज्वैलरी व इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है।
सेलाकुई निवासी अमर सिंह बारवाल ने पुलिस को तहरीर दी थी कि अज्ञात चोरों ने उनके घर से ज्वेलरी और अन्य सामान चोरी कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने विशेष टीम गठित कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, संदिग्धों की जानकारी जुटाई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
पुलिस की मेहनत रंग लाई और 6 जनवरी को राजा रोड तिराहे के पास मुखबिर की सूचना पर दो आरोपियों — अनुज कुमार पुत्र दिनेश कुमार (19 वर्ष) निवासी पीठ वाली गली, सेलाकुई, और मोहित ठाकुर पुत्र जगदीश (19 वर्ष) निवासी जमालपुर, सेलाकुई — को गिरफ्तार कर लिया गया। तीसरे नाबालिग सहयोगी को पुलिस ने संरक्षण में लिया।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और अपने नशे व शौक पूरे करने के लिए चोरी की घटना को अंजाम दिया।
बरामद सामान:
- एक सोने की चेन व लटकन,
- दो लैपटॉप (डेल व एचपी),
- पांच अलग-अलग कंपनियों के स्पीकर,
- एक प्रोजेक्टर,
- साउंड मिक्सचर सिस्टम,
- तीन माइक,
- एक सैमसंग एलईडी टीवी,
- एक माइक्रोवेव ओवन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान।
बरामद माल की कुल अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये बताई गई है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष उ.नि. पी.डी. भट्ट, उ.नि. सुमेर सिंह, म.उ.नि. मीना रावत, कांस्टेबल उपेंद्र, सोहन, सुधीर और मुकेश शामिल रहे।

Recent Comments