देहरादून: सोशल मीडिया पर ‘फेमस’ होने की चाहत ने तीन युवकों को थाने तक पहुँचा दिया। हर्रावाला निवासी इन युवकों ने एक बर्थडे सेलिब्रेशन के दौरान पिस्टल जैसे दिखने वाले लाइटर से केक काटने का एक वीडियो बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वायरल वीडियो को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कोतवाली डोईवाला की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों युवकों – अभिषेक (18), अमित कुमार (18) और कार्तिक जोशी (28) की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया। उनके पास से वीडियो में दिखाई गई नकली पिस्टल (लाइटर) बरामद की गई।

पूछताछ में पता चला कि 8 सितंबर को अभिषेक के जन्मदिन पर सोशल मीडिया पर ‘वायरल’ होने और लाइक्स पाने के मकसद से उन्होंने यह नाटक रचा। पुलिस ने तीनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना हरकतें न करें।

Recent Comments