

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसटीएफ) के निर्देशन में काम कर रही साइबर टीम ने बड़ी कार्रवाई कर कोलकाता से एक प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार किया है। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में दर्ज एक मामले में फर्जी पहचान बनाकर कंपनी के उच्चाधिकारी बनकर व्हाट्सएप के माध्यम से शिकार को विश्वस्त बनाकर कुल लगभग ₹3.20 करोड़ की ठगी करने का पर्दाफाश हुआ है।
जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने खुद को कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर बताकर कंपनी के जनरल मैनेजर से संपर्क किया और प्रोजेक्ट के एडवांस पेमेंट व अन्य आवश्यक भुगतानों के नाम पर विभिन्न बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करवाई। जांच में पता चला कि ठगी के दौरान Shyam Trading Company के खाते में भी राशि भेजी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ ने तकनीकी विश्लेषण और मैनुअल इनपुट पर आधारित खोज शुरू कर दी थी, जिसके बाद टीम कोलकाता पहुंची और वहां से आरोपित चन्द्र कांत मिश्रा (निवासी — ग्रीन फील्ड सिटी, महेशतल्ला, कोलकाता) को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से 02 मोबाइल फोन, 04 सिम कार्ड और 01 HP लैपटॉप बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में लैपटॉप पर विभिन्न कंपनियों/संस्थाओं के एडिटेबल दस्तावेज, बैंक लोन आवेदन, अनेक व्यक्तियों के आधार कार्ड और पैन कार्ड की प्रतियां तथा अन्य संवेदनशील दस्तावेज पाए गए हैं। बरामद डिजिटल उपकरणों का फोरेंसिक परीक्षण चल रहा है और आरोपी से ठगी में उसकी भूमिका, धन के लेन-देन तथा अन्य साथियों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
एसटीएफ ने बताया कि इस प्रकरण में पहले से ही तीन अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध न्यायालय में आरोप-पत्र दाखिल किया जा चुका है। मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों और साइबर अपराध नेटवर्क की पहचान व पिन-पॉइंट कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम ने जनता से अपील की है कि यदि किसी को इसी तरह के संदिग्ध संदेश, बैंक लेन-देन या फर्जी पहचान के मामलों की जानकारी हो तो तुरंत साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, देहरादून से संपर्क करें।
साइबर टीम मे निरीक्षक विकास भारद्वाज,अ0उ0नि0 सुरेश कुमार
हे0कानि0 शादाब अली शामिल रहे।

Recent Comments