
देहरादून/रुद्रपुर । मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेश में चल रहे अभियान के तहत उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अवैध हथियारों और फर्जी शस्त्र लाइसेंस के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रुद्रपुर क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पम्प एक्शन गन, पिस्टलें, कारतूस और फर्जी लाइसेंस बरामद किए गए हैं।
एसटीएफ के अनुसार, 11 जून की देर रात गोपनीय सूचना के आधार पर टीम ने रुद्रपुर रोडवेज के पास दबिश दी और काशीपुर निवासी सौरभ अग्रवाल तथा उसके ड्राइवर अमित पाल को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से 12 बोर की पम्प एक्शन बंदूक, .30 और .32 बोर की ऑटोमैटिक पिस्टल, 8 जिंदा कारतूस, दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस और एक कार की चाबी बरामद हुई।
यह कार्रवाई काशीपुर कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 213/2026 के क्रम में की गई है। इससे पहले 10 जून की रात STF और ऊधमसिंह नगर पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में काशीपुर क्षेत्र से एक स्विफ्ट कार से 4 अवैध हथियार और 237 कारतूस बरामद किए गए थे। जांच में सामने आया कि उक्त कार को आरोपी अमित पाल ने साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से पार्किंग में खड़ा कर रखा था।
एसएसपी STF ने बताया कि राज्य में फर्जी शस्त्र लाइसेंसों की जांच अभियान के तहत अब तक 3 मुकदमे दर्ज कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। साथ ही अब तक 12 अवैध हथियार, 315 कारतूस और कई कूटरचित लाइसेंस बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कई अहम खुलासे किए हैं, जिनके आधार पर अन्य संदिग्धों की तलाश में टीमें जुटी हैं।
उन्होंने कहा कि बाहरी राज्यों से स्थानांतरित होकर आए शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन किया जा रहा है और फर्जी लाइसेंस राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं। ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि फर्जी या संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस की जानकारी तत्काल साझा करें। सूचनाकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। संपर्क के लिए मोबाइल नंबर 9412029536 जारी किया गया है।

Recent Comments