सट्टेबाजी पर STF की बड़ी डिजिटल कार्रवाई, 86 अवैध वेबसाइट्स ब्लॉक

देहरादून। उत्तराखंड में सट्टेबाजी और अवैध ऑनलाइन गेमिंग के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। इसी क्रम में एसटीएफ ने एक बड़ी डिजिटल कार्रवाई करते हुए 86 अवैध सट्टेबाजी वेबसाइट्स (URL) को ब्लॉक कर दिया है। यह कार्रवाई राज्य में लागू नए “उत्तराखंड जुआ निरोधक कानून 2026” के तहत की गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार सट्टे और जुए के नेटवर्क पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। एसटीएफ की यह कार्रवाई ऑनलाइन सट्टेबाजी के बढ़ते दायरे को रोकने की दिशा में अहम मानी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नए कानून के तहत ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट चलाने वालों के लिए 3 से 5 साल तक की सजा और 2 से 10 लाख रुपये तक का जुर्माना निर्धारित किया गया है। वहीं, अवैध जुआघर संचालित करने या उनके वित्तपोषण में शामिल लोगों को 5 साल तक की जेल और जुर्माना भुगतना होगा।

कानून में यह भी प्रावधान है कि सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलने या सट्टा लगाने वालों को पुलिस बिना वारंट गिरफ्तार कर सकती है। दोबारा अपराध करने पर दोषियों के खिलाफ दोगुनी सजा और जुर्माने का प्रावधान रखा गया है। इसके अलावा सट्टे से अर्जित संपत्ति को जब्त और कुर्क करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

एसटीएफ ने आम जनता से अपील की है कि त्वरित कमाई के लालच में आकर ऑनलाइन सट्टेबाजी या अवैध गेमिंग ऐप्स के झांसे में न आएं। साथ ही किसी भी संदिग्ध वेबसाइट या ऐप की जानकारी तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है।

पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि राज्य को सट्टे और जुए के जाल से मुक्त किया जा सके।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments