नकल माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई का स्वागत, विपक्ष कर रहा राजनीति: खजान दास

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने केंद्र सरकार द्वारा नकल और पेपर लीक के मामलों में फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने की घोषणा का पुरजोर स्वागत किया है। पार्टी ने कहा कि छात्रों का भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में उठाए गए हर कदम का समर्थन किया जाएगा।

बुधवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि पेपर लीक के सभी मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष फास्ट ट्रैक अदालतें बनाई जाएंगी। इसके लिए संबंधित विभागों को निर्देश भी दे दिए गए हैं। श्री दास ने कहा कि नीट पेपर लीक के आरोपियों पर अब सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधनों की रोकथाम अधिनियम 2024 के तहत मुकदमा चलाया जाएगा। इस कानून में कड़ी सजा और भारी जुर्माने का प्रावधान है।

उन्होंने जानकारी दी कि बॉम्बे, कलकत्ता, दिल्ली और मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के क्षेत्र में विशेष अदालतें गठित करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इन अदालतों में नीट से जुड़े मामलों की रोजाना सुनवाई होगी ताकि जल्द फैसला आ सके। उन्होंने कहा कि CBI भी नीट पेपर लीक मामले की जांच लगभग पूरी कर चुकी है और जल्द ही 13 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल होगी।

मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी छात्रों के मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष सदन में चर्चा से भाग रहा है जबकि सरकार नीट सहित सभी मुद्दों पर विस्तृत चर्चा के लिए तैयार है। श्री दास ने कहा कि यूपीए के समय शिक्षा बजट केवल 8225 करोड़ था जो अब बढ़कर 1.39 लाख करोड़ हो गया है।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कहा कि धामी सरकार ने प्रदेश में सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू कर नकल माफियाओं का सफाया किया है। सैकड़ों आरोपी जेल भेजे गए और 40 हजार से अधिक सरकारी भर्तियां पूरी तरह पारदर्शी तरीके से की गईं। उन्होंने कहा कि हाल में सामने आए एक कॉलेज की आंतरिक परीक्षा के मामले में भी तुरंत आरोपी को हटाकर दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया है।

श्रीमती रावत ने कहा कि भाजपा की सरकारें युवाओं के भविष्य से कोई समझौता नहीं करेंगी। 2047 तक विकसित भारत का निर्माण युवाओं के मजबूत कंधों पर ही होगा। पत्रकार वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, सह प्रभारी राजेंद्र नेगी और प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी भी मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments