
अशोक गहलोत के हाथों मिला नियुक्ति पत्र
नई दिल्ली। राजीव गांधी स्टडी सर्किल द्वारा राजधानी नई दिल्ली के जवाहर भवन में “महिला अधिकार एवं लोकतांत्रिक सुधारों पर राजीव गांधी का दृष्टिकोण” विषय पर एक भव्य व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देशभर के विभिन्न राज्यों के नवनियुक्त स्टेट स्टूडेंट सेक्रेटरी को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। उत्तराखंड राज्य की स्टूडेंट सेक्रेटरी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सुप्रिया धस्माना को सौंपी गई।
नियुक्ति पत्र राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोततथा कांग्रेस की राष्ट्रीय सोशल मीडिया प्रभारी श्रीमती सुप्रिया श्रीनेत्रके करकमलों द्वारा प्रदान किए गए। कार्यक्रम में देशभर से बड़ी संख्या में युवा प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कौन हैं सुप्रिया धस्माना?
सुप्रिया धस्माना एक सुशिक्षित एवं प्रतिभाशाली युवा हैं जिनकी शैक्षणिक और व्यावसायिक पृष्ठभूमि अत्यंत समृद्ध है। उन्होंने फ्रांस के प्रतिष्ठित EDHEC Business School से मार्केटिंग की उच्च शिक्षा प्राप्त की है। वर्तमान में वे पेरिस (फ्रांस) स्थित ‘कैंडलिट’ (Candlelit) में मार्केटिंग मैनेजर के रूप में कार्यरत हैं जहाँ वे होमस्टे प्रबंधन और ब्रांडिंग का दायित्व संभाल रही हैं। इससे पूर्व उन्होंने मुंबई में कंटेंट क्रिएटर, सेल्स ट्रेनर और मीडिया व मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के रूप में भी अपनी पहचान बनाई है।
सुप्रिया केवल पेशेवर क्षेत्र में ही नहीं बल्कि सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय रही हैं। कॉलेज के दिनों में वे रंगमंच (Theatre) में गहरी रुचि रखती थीं और कई नाटकों का सफल निर्देशन कर चुकी हैं। राजनीतिक दृष्टि से वे उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के परिवार से आती हैं, जो प्रदेश की राजनीति में एक सुपरिचित एवं सम्मानित नाम है।
उल्लेखनीय है कि राजीव गांधी स्टडी सर्किल युवाओं में राजनीतिक चेतना, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से देशभर में सक्रिय रूप से कार्यरत है। अंतरराष्ट्रीय अनुभव और ठोस शैक्षणिक पृष्ठभूमि से लैस सुप्रिया धस्माना की इस नियुक्ति को उत्तराखंड के युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया है।

Recent Comments