नर्सिंग भर्ती आंदोलन में बढ़ा तनाव, देर रात तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा

पानी की टंकी पर डटी रहीं ज्योति रौतेला, डीजी हेल्थ की वार्ता भी नहीं निकाल सकी समाधान

देहरादून। देहरादून में वर्षवार नियुक्ति की मांग को लेकर चल रहा नर्सिंग अभ्यर्थियों का आंदोलन मंगलवार को उस समय अचानक उग्र हो गया, जब महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला परेड ग्राउंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गईं और अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया। इस घटना के बाद धरनास्थल पर मौजूद अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।

आंदोलनकारी नर्सिंग अभ्यर्थियों ने परेड ग्राउंड से बाहर निकलकर सड़क जाम कर दी और देर रात तक नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन जारी रखा। बताया जा रहा है कि अभ्यर्थी पिछले 26 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं और लगातार वर्षवार नियुक्ति की मांग कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, ज्योति रौतेला बीते करीब 50 घंटों से आंदोलनरत अभ्यर्थियों के समर्थन में पानी की टंकी पर मौजूद थीं। उनका कहना था कि उन्होंने सोमवार सुबह से भोजन और पानी ग्रहण नहीं किया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह और एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आंदोलनकारियों का गुस्सा बढ़ चुका था।

गुस्साए अभ्यर्थियों ने दून क्लब के सामने सड़क पर कब्जा कर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे इलाके में लंबे समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। देर रात तक प्रदर्शनकारी सड़क पर डटे रहे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते रहे।

स्थिति को संभालने के लिए राज्य सरकार की ओर से डीजी हेल्थ डॉ. सुनीता टम्टा भी अधिकारियों के साथ धरनास्थल पहुंचीं। उन्होंने जिला प्रशासन की मौजूदगी में नर्सिंग एकता मंच के प्रदेश अध्यक्ष नवल पुंडीर और अन्य प्रतिनिधियों से बातचीत की, लेकिन वार्ता किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी।

आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments