मुख्यमंत्री ने आगामी 10 साल की वित्तीय स्थिति की योजना तैयार करने के दिए निर्देश

देहरादून,22मार्च 2025(आरएनएस ): मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास पर अधिकारियों के साथ हुई बैठक में राज्य की आगामी 10 साल की वित्तीय स्थिति की विस्तृत योजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस दीर्घकालिक योजना में आर्थिक एवं सामाजिक विकास, पर्यावरण संरक्षण, और आधुनिक तकनीक के उपयोग पर विशेष ध्यान दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के आय के संसाधनों को बढ़ाने के लिए आर्थिक विकास की एक रूपरेखा तैयार की जाए। उन्होंने पर्यटन, तीर्थाटन, ऊर्जा, कनेक्टिविटी, उद्योग, कृषि, ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सुनियोजित कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि अनावश्यक खर्चों को नियंत्रित करना भी आवश्यक है और 2047 तक प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के “विकसित भारत” के संकल्प को पूरा करने हेतु सभी को अपना योगदान देना होगा।

बैठक के दौरान, मुख्यमंत्री ने बेहतर बजट प्रबंधन के लिए नीति निर्माण में डेटा एनालिटिक्स और रिसर्च के उपयोग पर जोर दिया। सरकारी प्रक्रियाओं के सरलीकरण और डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में तेजी से कदम उठाने के लिए कहा गया। इसके अलावा, उन्होंने कर राजस्व, गैर-कर राजस्व, औद्योगिक निवेश, डिजिटल कर संग्रह, और सार्वजनिक-निजी भागीदारी को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी चर्चा की।

बैठक में जानकारी दी गई कि वित्तीय बजट 2024-25 के अंतर्गत लक्ष्य के सापेक्ष 85 प्रतिशत राजस्व प्राप्त किया जा चुका है, जबकि राजस्व व्यय 90.50 प्रतिशत हो चुका है। मुख्यमंत्री ने जीएसटी संग्रह बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयासों को और सघन बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कर चोरी की रोकथाम के लिए छापामारी कार्यवाही को निरंतर जारी रखने और एआई एवं डेटा एनालिटिक्स का अधिकतम उपयोग करने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य स्थापना के बाद से ट्रेड टैक्स/वैट/जीएसटी संग्रह में 48 गुना से अधिक की वृद्धि हुई है, जिसके अंतर्गत संग्रह 233 करोड़ से बढ़कर 11289 करोड़ तक पहुंच चुका है।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव  शैलेश बगोली, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमन, राज्य कर आयुक्त डॉ. अहमद इकबाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments