देहरादून। राज्य भर में मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया से पहले कांग्रेस संगठन ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। पार्टी ने सभी सत्तर विधानसभा क्षेत्रों में बीएलए-1 (बूथ लेवल एजेंट) नियुक्त कर दिए हैं और अब प्रत्येक विधानसभा के लिए बीएलए-2 तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में रविवार को प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी के साथ कैंट विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में कार्यकर्ताओं से संवाद किया।
कौलागढ़, बल्लूपुर, श्रीदेव सुमन नगर और पंडितवाड़ी वार्ड में आयोजित बैठकों में धस्माना और गोगी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी बीएलए-2 की रणनीति पर चर्चा की।
धस्माना ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें चुनाव आयोग के नाम पर मतदाता सूची में हेरफेर कर ‘वोट चोरी’ को अंजाम दे रही हैं। उनका कहना था कि राहुल गांधी ने इस संबंध में पर्याप्त सबूत देश के सामने रखे हैं, लेकिन भाजपा इस मुद्दे पर जवाबदेही से भाग रही है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान हर बूथ पर कांग्रेस का बीएलए सक्रिय रहे, जो बीएलओ के साथ समन्वय कर यह सुनिश्चित करे कि किसी वैध मतदाता का नाम न कटे और कोई फर्जी नाम सूची में न जुड़े।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने बताया कि अगले पंद्रह दिनों के भीतर देहरादून महानगर की सभी पांच विधानसभाओं के प्रत्येक बूथ पर बीएलए-2 की तैनाती पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता “वोट चोरी” रोकने के लिए मुस्तैदी से काम करेंगे।
बैठकों में पार्षद कोमल वोहरा, संगीता गुप्ता, अभिषेक तिवारी, प्रमोद कुमार गुप्ता, अनुराग गुप्ता, मोहम्मद शाहिद, दिनेश कौशल, सुमित तिवारी, किरण तिवारी और प्रेम सागर समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments