कांग्रेस ने ‘रजत जयंती पखवाड़ा’ में प्रदेश भर में की वैचारिक गोष्ठियाँ

शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने का किया आह्वान

देहरादून – उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा राज्य के निर्माण की रजत जयंती पखवाड़े के तहत प्रदेश भर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों ने विचार गोष्ठियों का आयोजन किया। देहरादून में कैंट विधान सभा क्षेत्र के यमुना कॉलोनी प्रेमनगर व कौलागढ़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित “क्या शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बना पाए हम २५ सालों में” विषय पर बोलते हुए गोष्ठी के मुख्य अतिथि उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि राज्य निर्माण के बाद से अब तक का जो रास्ता तय किया गया है, उसमें हम कहां पहुंचे और क्या पाया, क्या खोया, इसका आंकलन करना आवश्यक है।

श्री धस्माना ने कहा कि कांग्रेस ने विकास की बुनियाद रखी, जबकि भाजपा ने मुख्यमंत्रियों की फौज खड़ी कर दी। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के लिए जिन लोगों ने संघर्ष किया, उनके सपने ऐसे राज्य के थे जहां दूरस्थ पहाड़ के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं उपलब्ध हों, जहां युवाओं के हाथों को रोजगार मिले और वे रोजगार की तलाश में अपने बूढ़े माता-पिता को छोड़कर पलायन न करें।

उन्होंने कहा कि नवोदित प्रदेश में माध्यमिक शिक्षा, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य ,सड़क परिवहन , उद्योग जैसे क्षेत्रों में जो काम किए उसी से प्रदेश की एक मजबूत आधारशिला पड़ी और आज पच्चीस सालों की यात्रा में जो भी इमारत विकास की हुई उसकी आधारशिला कांग्रेस के प्रथम शासनकाल में ही रखी गई। श्री धस्माना ने कहा कि सिडकुल, दून विश्विद्यालय, पेट्रोलियम विश्विद्यालय, गोरखा आरक्षण जैसे अनेक ऐतिहासिक कार्य कांग्रेस शासनकाल में ही हुए।

श्री धस्माना ने कहा कि उत्तराखंड में आज जिस भू कानून की बात हो रही है उससे बेहतर और मजबूत कानून तिवारी सरकार के जमाने में कांग्रेस सरकार ने बना दिया था जिसे २०१७ के बाद भाजपा की सरकारों ने नष्ट भ्रष्ट कर दिया और पूरे पहाड़ों की जमीनें बाहरी लोगों द्वारा खरीद ली गईं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में जहां राज्य के आम जनमानस के लिए नीतियां बनीं कार्यक्रम बने विकास हुआ।

श्री धस्माना ने कहा कि आज जब हम २५ वर्ष के युवा उत्तराखंड की तस्वीर देखते हैं और भ्रष्टाचार, महिलाओं की दुर्दशा, ध्वस्त स्वास्थ्य सेवाएं, लगातार बढ़ रहे पलायन और खाली होते हुए गांव देखते हैं तो कष्ट होता है और यह लगता है कि कहीं ना कहीं अभी वो सपने अधूरे हैं जो राज्य निर्माण के संघर्ष करने वालों व शहादत देने वालों ने देखे थे।

गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉक्टर जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि कांग्रेस सरकारों के समय राज्य में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए और भाजपा सरकारों में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी व महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े। इस अवसर पर शिक्षाविद जगदीश प्रसाद बहुगुणा, सुमित्रा ध्यानी, संगीता गुप्ता और अन्य ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments