
उत्तरकाशी। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आगामी 14 जून 2026 को स्नातक स्तरीय अहर्ता के पदों पर चयन हेतु लिखित प्रतियोगी परीक्षा को निर्विघ्न, नकलविहीन व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों और केंद्र प्रभारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
इस संदर्भ में परीक्षा के नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र ने एनआईसी कक्ष में परीक्षा केन्द प्रभारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा परीक्षा की अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित अधिकारियों को इस परीक्षा को सुव्यस्थित रूप से पूरी शुचिता के साथ संपन्न कराने के लिए आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्तर पर तय नियमों व प्रक्रियाओं का पूरी तरह से पालन किया जाय।
बैठक में अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र ने कहा कि परीक्षा केन्द्र में तय समय के बाद किसी को भी प्रवेश न करने दिया जाय और मोबाईल आदि कोई भी इलेक्ट्रॉनिक गेजेट केन्द्र में कतई न ले जाने दिया जाय। उन्होंने परीक्षा केन्द्रों में सीसीटीवी की पुख्ता निगरानी रखने तथा तलाशी व जांच कर ही परीक्षार्थियों को प्रवेश देने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता को प्रभावित करने वाले तत्वों से सख्ती से निपटा जाय।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि उक्त परीक्षा के लिए जिले में कुल 21 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र के लिए एक-एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। उक्त परीक्षा के लिए तहसील भटवाड़ी के अंतर्गत 13, तहसील बड़कोट 04, तहसील डुंडा 03 तथा तहसील चिन्यालीसौड़ 01 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस हेतु उपजिलाधिकारी भटवाड़ी शालिनी नेगी, उपजिलाधिकारी डुंडा देवानंद शर्मा, उपजिलाधिकारी बड़कोट बृजेश कुमार तिवारी को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। परीक्षा हेतु जनपद मुख्यालय स्थित स्मार्ट कंट्रोल रूम भी 13 और 14 जून को उपयोग किया जाएगा कंट्रोल रूम के न. 01374–222126, 9456556431 भी जारी किए गए हैं।
बैठक में उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के प्रतिनिधि नौमान ने वीसी के माध्यम से जुड़कर परीक्षा की व्यवस्थाओं एवं प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में उपजिलाधिकारी भटवाड़ी शालिनी नेगी, पुलिस उपाधीक्षक जनक पंवार, वरिष्ठ कोषाधिकारी आशीष खुदलानी, जिला शिक्षा अधिकारी शैलेन्द्र अमोली, जिला खान अधिकारी प्रदीप कुमार सहित परीक्षा केन्द प्रभारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे और वीसी के माध्यम से जुड़े रहे।

Recent Comments