

चेकिंग के दौरान संदिग्ध युवक से बरामद हुए 608 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल, “ड्रग्स फ्री देवभूमि” मुहिम के तहत हुई कार्रवाई
देहरादून । मुख्यमंत्री उत्तराखंड के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन को साकार करने के मकसद से चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना रायपुर पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 608 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में चल रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत थाना रायपुर पर गठित पुलिस टीम ने 19 जुलाई को महाराणा प्रताप चौक के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसकी पहचान राजू शाह पुत्र चंद्रिका प्रसाद के रूप में हुई और उसके कब्जे से कुल 608 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल (डाइसाइक्लोमीन एचसीएल, ट्रामाडोल एचसीएल एवं एसिटामिनोफेन कैप्सूल) बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना रायपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ये नशीले कैप्सूल सहारनपुर से खरीदकर लाया था और छात्रों, नशे के आदी व्यक्तियों तथा अन्य पैडलरों को बेचकर अवैध मुनाफा कमाने की फिराक में था। गिरफ्तार आरोपी संस्कृति लोग बिहार कॉलोनी, हरिद्वार रोड, थाना पटेलनगर का रहने वाला बताया गया है और उसकी उम्र 35 वर्ष है।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी मालदेवता उपनिरीक्षक दीपक पवार, कांस्टेबल मुकेश सेमवाल और कांस्टेबल प्रवीण नेगी की टीम शामिल रही। पुलिस के अनुसार जिले में नशा तस्करों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Recent Comments