

चकराता में 21 से 23 जुलाई तक केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून द्वारा ‘विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ पर तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित होगा। चित्र प्रदर्शनी, निःशुल्क चिकित्सा शिविर, प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
देहरादून । भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून द्वारा 21 से 23 जुलाई 2026 तक चकराता के चिल्ड्रन्स पार्क में “विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)” विषय पर तीन दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, ग्रामीण विकास और आजीविका से जुड़ी पहलों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा विकसित भारत के संकल्प में जनभागीदारी बढ़ाना है।
केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून के कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में आकर्षक चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से विकसित भारत की विकास यात्रा, प्रमुख उपलब्धियों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जाएगा।
तीन दिवसीय आयोजन में विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं, केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से जुड़े सूचना स्टॉल तथा विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन की व्यवस्था रहेगी। आमजन के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाया जाएगा।
कार्यक्रम में जौनसार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी प्रमुखता मिलेगी। स्थानीय लोक कलाकार लोकगीत एवं लोकनृत्य प्रस्तुत कर क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान से आगंतुकों को रूबरू कराएंगे।
कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने नागरिकों, युवाओं और विद्यार्थियों से 21 से 23 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच चिल्ड्रन्स पार्क, चकराता में आयोजित कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।

Recent Comments