उत्तरकाशी। प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के ऐतिहासिक क्रियान्वयन के एक वर्ष पूर्ण होने पर मंगलवार को उत्तरकाशी जिले में प्रथम यूसीसी दिवस भव्यता से मनाया गया। जिला मुख्यालय से तहसील, ब्लॉक, नगर पालिका वार्ड और ग्राम स्तर तक कार्यक्रम आयोजित हुए। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशों पर नगर पालिका वार्डों में मोहल्ला शिविर लगाए गए, जहां यूसीसी पंजीकरण भी किए गए।
जिला मुख्यालय के ऑडिटोरियम में द्वीप प्रज्वलन से शुरू हुए मुख्य कार्यक्रम में उपनिबंधक अभिसार चौधरी ने यूसीसी की जागरूकता बढ़ाई। क्विज प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित जनों ने उत्साह से भाग लिया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने बताया कि यूसीसी समाज को समान अधिकार प्रदान कर कानूनी विसंगतियों को दूर करता है, जो सामाजिक समरसता का प्रतीक बनेगा। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जागरूकता फैलाई गई।

बड़कोट तहसील के आईटीआई में अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र के नेतृत्व में विशेष कार्यक्रम हुआ। स्थानीय जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने भाग लिया। यहां विवाह पंजीकरण, उत्तराधिकार व पारिवारिक मामलों में सरलता पर जोर दिया गया। दूरस्थ क्षेत्रों से आए लोगों ने कानून की बारीकियां समझीं।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा, “यूसीसी व्यक्तिगत धार्मिक मान्यताओं में हस्तक्षेप नहीं करती, बल्कि नागरिक अधिकारों की रक्षा करती है। महिलाओं के पैतृक संपत्ति, हिस्सेदारी व भरण-पोषण पर विशेष प्रावधान हैं।” गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने कहा, “देवभूमि उत्तराखंड देश का पहला यूसीसी लागू करने वाला राज्य बना। यह नारी सशक्तिकरण व समान अधिकारों की दिशा में ऐतिहासिक कदम है, जो बहुविवाह जैसी कुप्रथाओं को समाप्त करता है।”

जिला प्रशासन ने मार्गदर्शिकाएं व पम्फलेट वितरित किए। आगामी दिनों में न्याय पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलेंगे।
उपस्थितगण: जिला मुख्यालय पर दायित्वधारी राज्य मंत्री प्रताप सिंह पंवार, ब्लॉक प्रमुख डुंडा राजदीप परमार, नगर पालिका अध्यक्ष चिन्यालीसौड़ मनोज कोहली, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, सीडीओ जय भारत सिंह आदि। बड़कोट में पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम डोभाल, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, एसडीएम बृजेश तिवारी आदि।

Recent Comments