

रुद्रप्रयाग। जनपद के दो प्रमुख सरकारी महाविद्यालयों में लंबे समय से बनी शैक्षणिक अव्यवस्थाओं और आधारभूत सुविधाओं की कमी का मामला अब शासन स्तर पर पहुंच गया है। रुद्रप्रयाग विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी एवं युवा नेता मोहित डिमरी ने उत्तराखंड सचिवालय में उच्च शिक्षा सचिव डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए दोनों महाविद्यालयों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में राजकीय महाविद्यालय रुद्रप्रयाग की प्रमुख समस्याओं को उठाते हुए बताया गया कि करोड़ों रुपये की लागत से जवाड़ी में नया भवन बनने के बावजूद महाविद्यालय का संचालन आज भी दो अलग-अलग परिसरों से किया जा रहा है। इससे छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों को प्रतिदिन अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यालय, पुस्तकालय और प्राचार्य कार्यालय अब भी पुराने परिसर में संचालित हो रहे हैं, जबकि शासन पहले ही सभी कक्षाओं और कार्यालयों को जवाड़ी परिसर में स्थानांतरित करने के निर्देश दे चुका है। दो परिसरों के संचालन से सरकारी संसाधनों का भी अनावश्यक व्यय हो रहा है।
ज्ञापन में महाविद्यालय में कंप्यूटर लैब, स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशालाओं और कौशल विकास (स्किल) पाठ्यक्रमों के प्रभावी संचालन की मांग की गई। साथ ही विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों को बेहतर प्रयोगात्मक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा जवाड़ी परिसर तक नियमित सार्वजनिक परिवहन सुविधा शुरू करने का भी अनुरोध किया गया।
राजकीय डिग्री कॉलेज जखोली के संबंध में स्नातक स्तर पर बीएससी पाठ्यक्रम शुरू करने तथा हिन्दी, अंग्रेजी, संस्कृत, भूगोल, अर्थशास्त्र, इतिहास और समाजशास्त्र विषयों में स्नातकोत्तर कक्षाएं संचालित किए जाने की मांग रखी गई। इसके अलावा दोनों महाविद्यालयों की समस्याओं की उच्चस्तरीय जांच कर समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने का आग्रह भी किया गया।
उच्च शिक्षा सचिव डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने ज्ञापन प्राप्त कर संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। अब जिले के हजारों छात्र-छात्राओं को शासन के निर्णय और प्रस्तावित कार्यवाही का इंतजार है।

Recent Comments