देहरादून। उत्तरकाशी की धराली आपदा पर कर्नल अजय कोठियाल के ताज़ा बयान ने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि कोठियाल के वक्तव्य ने सरकार की लीपापोती और छुपाए जा रहे तथ्यों की पोल खोल दी है। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं आगे आकर कोठियाल के हर बिंदु पर स्पष्ट जवाब दें।
मीडिया से बातचीत में धस्माना ने कहा कि कांग्रेस पहले दिन से मांग कर रही है कि सरकार धराली आपदा में हुए जनहानि और नुकसान का वास्तविक आंकड़ा सार्वजनिक करे, लेकिन चार महीने बीत जाने के बाद भी सरकार लापता लोगों की सही संख्या बताने से बच रही है। धस्माना के मुताबिक, कोठियाल ने अपने बयान में स्पष्ट कर दिया है कि 137 लोग अब भी मलबे के नीचे दबे हैं और सरकार ने उन्हें बाहर निकालने के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किया।
उन्होंने कहा कि आपदा के वैज्ञानिक कारणों और शोध को लेकर सरकार सिर्फ दिखावा कर रही है। धरातल पर न तो कोई काम हो रहा है और न ही विशेषज्ञों की कोई वास्तविक कार्रवाई। “यह बात कोई विपक्षी नहीं कह रहा, बल्कि सरकार का ही एक जिम्मेदार दायित्वधारी कह रहा है, जिसने केदारनाथ पुनर्निर्माण का व्यावहारिक अनुभव लिया है। यह सरकार के लिए शर्म की बात है,” धस्माना ने कहा।
उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर भाजपा के प्रवक्ताओं से नहीं, बल्कि सीधे मुख्यमंत्री से जवाब चाहती है, क्योंकि जनता को सच्चाई जानने का हक है।

Recent Comments