देहरादून। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दीपम सेठ ने आज लोक भवन में राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को चारधाम यात्रा की तैयारियों और आगामी कुंभ मेले के लिए प्रस्तावित सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील स्थलों की निगरानी एवं अंतर-विभागीय समन्वय की विस्तृत रूपरेखा से अवगत कराया।
राज्यपाल ने कुंभ मेले जैसे वैश्विक स्तर के आयोजन की सुरक्षा और प्रबंधन को लेकर पुलिस अधिकारियों को कई दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में एआई और अत्याधुनिक तकनीकों का व्यापक उपयोग सुनिश्चित किया जाए। राज्यपाल ने कहा, “तकनीक के इस्तेमाल से भीड़ प्रबंधन, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान तथा रियल-टाइम मॉनिटरिंग प्रभावी ढंग से की जा सकेगी।”
उन्होंने विशेष रूप से कुंभ क्षेत्र में एक एडवांस्ड और एकीकृत कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। यह कंट्रोल रूम विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों, सीसीटीवी नेटवर्क, ड्रोन सर्विलांस तथा ट्रैफिक मॉनिटरिंग सिस्टम से समन्वित होगा। राज्यपाल ने कहा कि इस एकीकृत प्रणाली से त्वरित निर्णय लेने और आपात स्थितियों में प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
राज्यपाल ने प्रदेश भर में चल रहे सघन सत्यापन अभियान को और अधिक फोकस और परिणामोन्मुखी ढंग से अनवरत जारी रखने पर बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस अभियान को प्रभावी बनाकर किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को शुरू में ही खत्म किया जाए।
आगामी चारधाम यात्रा को लेकर राज्यपाल ने समयबद्ध तैयारियों के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों, पड़ाव स्थलों एवं मंदिर परिसरों में सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, आपदा प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण की पूर्व तैयारियां निर्धारित समय पर पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और यात्रा सुगम एवं सुरक्षित रहे।

Recent Comments