“किंग ऑफ उत्तराखण्ड” घुटनों पर; गैंग लीडर जगजीत उर्फ़ जग्गा सहित तीन गिरफ्तार

देहरादून/ऋषिकेश।  देहरादून पुलिस ने संगठित अपराधों पर सख्त कार्रवाई करते हुए स्वयं को “किंग ऑफ उत्तराखण्ड” बताने वाले गैंग लीडर जगजीत उर्फ़ जग्गा को उसके दो साथियों के साथ गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुँचा दिया। एसएसपी देहरादून के निर्देशों के तहत ऋषिकेश पुलिस ने भूमि और पारिवारिक विवादों में लोगों को डरा-धमकाकर अवैध वसूली, ब्लैकमेलिंग और मारपीट जैसी वारदातों में लिप्त इस गिरोह पर शिकंजा कसा।

सक्षम न्यायालय की अनुमति के बाद कोतवाली ऋषिकेश में मु.अ.सं. 405/2026 के तहत गिरोहबन्द एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने जग्गा के घर से “KING OF उत्तराखण्ड” लिखा बोर्ड भी बरामद किया, जिसका उपयोग वह अपना प्रभाव और भय कायम करने के लिए करता था।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह का सरगना जगजीत उर्फ़ जग्गा अपने साथियों संग क्षेत्र में संगठित आपराधिक गतिविधियाँ चलाता था। यह गिरोह विवादों में जबरन हस्तक्षेप कर पक्षकारों पर दबाव बनाकर सुलह कराता, फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वसूली करता और घरों में घुसकर मारपीट व जान से मारने की धमकी देता था। 2016 से 2026 के बीच गैंग लीडर और साथियों पर गंभीर धाराओं में 11 मुकदमे दर्ज हैं।

फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों में जगजीत उर्फ़ जग्गा के अलावा प्रणव उर्फ़ राघव बत्रा और दीपेश कुमार शामिल हैं, जबकि नामजद आरोपी रवि गुप्ता की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस ने कहा कि संगठित अपराधों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments