सिडकुल की चार इकाइयों पर राज्य कर विभाग की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की कर अनियमितताओं का खुलासा

सर्कुलर ट्रेडिंग और फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट के जरिए कर अपवंचन का मामला सामने आया, कई अन्य इकाइयां भी जांच एजेंसियों की निगरानी में

हरिद्वार/ देहरादून । औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल में राज्य कर विभाग ने कर चोरी के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए चार औद्योगिक इकाइयों में एक साथ कार्रवाई की। जांच के दौरान करोड़ों रुपये के जीएसटी अपवंचन, फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) और सर्कुलर ट्रेडिंग से जुड़े गंभीर तथ्य सामने आए हैं। विभाग ने प्राथमिक स्तर पर दो करोड़ रुपये की वसूली की है, जबकि विस्तृत जांच अभी जारी है।

जानकारी के अनुसार, संबंधित कंपनियां प्लास्टिक दाना निर्माण और उसके व्यापार से जुड़ी हैं। जांच के दौरान इन कंपनियों के स्टॉक, खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड और कर विवरणियों का मिलान किया गया, जिसमें कई महत्वपूर्ण विसंगतियां पाई गईं। अधिकारियों के अनुसार, कंपनियों ने आपसी लेन-देन के माध्यम से कारोबार को कृत्रिम रूप से बढ़ा-चढ़ाकर दर्शाया और अवैध तरीके से इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ उठाकर कर देनदारी को न्यूनतम या शून्य दिखाने का प्रयास किया।

राज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा, सचल दल और ऑडिट इकाई के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। कुल चार टीमों में शामिल अधिकारियों ने कंपनियों के परिसरों में पहुंचकर दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की गहन जांच की। कार्रवाई के दौरान कर निर्धारण से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डेटा भी अपने कब्जे में लिया गया है।

विभागीय अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मिली अनियमितताओं के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी रहेगी और अंतिम जांच रिपोर्ट के बाद कर एवं जुर्माने की राशि नियमानुसार निर्धारित की जाएगी।

राज्य कर विभाग ने स्पष्ट किया है कि फर्जी आईटीसी और सर्कुलर ट्रेडिंग के माध्यम से राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले मामलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभाग के रडार पर सिडकुल क्षेत्र की कई अन्य इकाइयां भी हैं और आने वाले दिनों में उनके विरुद्ध भी जांच एवं प्रवर्तन की कार्रवाई की जा सकती है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments