देहरादून । उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल ने जय भारत टीवी चैनल के वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट पर हुए जानलेवा हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इस घटना को ‘अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला’ करार दिया है।
श्री गोदियाल ने पत्रकार हेम भट्ट के निवास पर जाकर उनकी तस्वीर ली और हालचाल जाना। इस दौरान हेम भट्ट ने बताया कि उन पर जनहित के एक मुद्दे पर ख़बर प्रसारित करने के कारण हमला किया गया था और भविष्य में ऐसी ख़बरें न दिखाने की धमकी दी गई थी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने इस घटना पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था चौपट हो चुकी है और उत्तराखंड का आम आदमी असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा, “जनता और पत्रकारों को जनहित के मुद्दे उठाने पर इस प्रकार के हमलों का सामना करना पड़ रहा है। यह स्थिति राज्य के लिए उचित नहीं है और कानून व्यवस्था की पोल खोलती है।”
श्री गोदियाल ने पुलिस प्रशासन से अपील की कि हमलावरों की तत्काल गिरफ़्तारी करके उनके खिलाफ़ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस हमले ने पत्रकारिता की स्वतंत्रता और राज्य में सुरक्षा के माहौल पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। मामले की जांच जारी है।

Recent Comments