

सीएम धामी की 7 घोषणाओं को बताया युवा-केंद्रित और दूरगामी
देहरादून ।स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा की गई 7 महत्वपूर्ण घोषणाओं को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने युवा-केंद्रित और दूरगामी बताते हुए कहा कि इनसे समृद्ध उत्तराखंड की संकल्पना साकार होगी।
रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में भट्ट ने कहा कि सरकार विकास, जनकल्याण और युवाओं के भविष्य को केंद्र में रखकर आगे बढ़ रही है। इसके सुखद परिणाम आने वाले समय में प्रदेश को मिलेंगे।
युवाओं के लिए रोजगार पर जोर
भट्ट ने कहा कि युवाओं को हाथों को रोजगार देने के लिए सरकारी के साथ-साथ गैर-सरकारी क्षेत्र में स्वरोजगार की योजनाएं धरातल पर उतारी जा रही हैं। चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित करने से युवाओं को गृह क्षेत्र में ही रोजगार मिलेगा और पलायन रुकेगा।
उन्होंने प्रदेश के पहले ‘युवा आयोग’ के गठन के निर्णय को महत्वपूर्ण बताया। कहा कि आयोग युवाओं के रोजगार, पठन-पाठन और गुणवत्तापरक शिक्षा की निगरानी करेगा, जिससे सरकार की युवाओं के प्रति गंभीरता स्पष्ट होती है।
सीमावर्ती गांवों के युवाओं, भूतपूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापित करने के लिए अतिरिक्त सहायता की घोषणा का भी उन्होंने स्वागत किया। भट्ट के अनुसार अग्निवीरों को सरकारी और गैर-सरकारी क्षेत्र में रोजगार देने के लिए सरकार पहले से कदम उठा रही है।
भूमि और आवास में राहत
भाजपा अध्यक्ष ने वर्ग-3 एवं वर्ग-4 की भूमि के नियमितीकरण की समय-सीमा बढ़ाकर भूमिधरी अधिकार देने के निर्णय को बेहतर कदम बताया। उन्होंने कहा कि लोग लंबे समय से इस मांग को कर रहे थे।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राज्यांश को 50 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये करने से जरूरतमंदों को बड़ी राहत मिलेगी।
नई स्वरोजगार योजना और पुरस्कार
18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए ‘मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजना’ को रोजगार का सीधा जरिया बताया। इस योजना में IIT और IIM जैसे संस्थानों के सहयोग से निःशुल्क उद्यमिता व कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। उद्यम स्थापित करने के लिए बैंक ऋण की 30 प्रतिशत राशि सरकार अनुदान के रूप में देगी।
भट्ट ने कहा कि प्रदेश के बहादुर बच्चों को सम्मानित करने के लिए इस वर्ष से ‘बाल वीरता पुरस्कार’ शुरू करने का निर्णय भी सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि महिला, युवा और आमजन के हित में सीएम धामी ने जो निर्णय लिए हैं और उनका जिस तरह क्रियान्वयन हो रहा है, उससे प्रदेशवासियों में उत्साह है। इससे उत्तराखंड आगामी दशक का श्रेष्ठ राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।

Recent Comments