
चंपावत। उत्तराखंड के चंपावत जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। लोहाघाट क्षेत्र में बापरू के समीप एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के बाद वाहन में आग भड़क उठी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी से पिथौरागढ़ जिले के कनालीछीना की ओर जा रही कार मरोड़ाखान से करीब दो किलोमीटर आगे बंतोली गांव के ऊपर राष्ट्रीय राजमार्ग से अचानक नीचे जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खाई में गिरने के तुरंत बाद वाहन से तेज धमाके की आवाज आई और उसमें आग लग गई।
हादसे में वाहन चालक राजेन्द्र कुमार (48), निवासी डीडीहाट, की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार बलदेव कुमार (36), निवासी कनालीछीना, आग की चपेट में आने से अपनी जान नहीं बचा सके।
वहीं, बलदेव कुमार की पत्नी नीतू देवी (36), उनकी आठ वर्षीय बेटी अक्षिता और पांच वर्षीय पुत्र आरव गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकालकर उपचार के लिए उपजिला अस्पताल पहुंचाया।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

Recent Comments