
विकासनगर । उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) की सोमवार को बनियावाला, सहसपुर में संगठन विस्तार एवं जनसंपर्क अभियान को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा युवाओं, महिलाओं एवं पूर्व सैनिकों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक को संबोधित करते हुए उक्रांद सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष निरंजन चौहान ने कहा कि आज पूरे प्रदेश में उत्तराखंड क्रान्ति दल से जुड़ने की एक सकारात्मक और परिवर्तनकारी लहर चल रही है। राज्य गठन के 25 वर्षों के बाद भी उत्तराखंड की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। जिन राष्ट्रीय दलों को जनता ने विश्वास के साथ सत्ता सौंपी, वे जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह विफल साबित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड का जनमानस राष्ट्रीय दलों से पूरी तरह विमुख हो चुका है और अब जनता की आशा भरी निगाहें उत्तराखंड क्रान्ति दल की ओर टिकी हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि उक्रांद प्रदेशवासियों की आकांक्षाओं, संघर्षों और अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतरेगा और राज्य को उसकी मूल भावना के अनुरूप दिशा प्रदान करेगा। उन्होंने मौजूदा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार महिला सुरक्षा, भ्रष्टाचार, अपराध नियंत्रण, बेरोजगारी और भर्ती घोटालों जैसे हर महत्वपूर्ण मोर्चे पर पूरी तरह असफल रही है।
बैठक में पछुवादून जिलाध्यक्ष जितेंद्र पंवार, केंद्रीय उपाध्यक्ष अशुतोष नेगी, मेजर संतोष भंडारी, महिपाल पुंडीर, अतुल बेंजवाल, पीयूष प्रताप सिंह नेगी, मनोज कंडवाल, यशपाल नेगी विपिन अंथवाल, महिपाल पुण्डीर आदि मौजूद रहे।

Recent Comments