

देहरादून। भाजपा महिला मोर्चा उत्तराखंड की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट के कार्यकाल का एक वर्ष संगठनात्मक सक्रियता और महिला सशक्तिकरण के नए आयाम स्थापित करने वाला रहा।
पिछले एक वर्ष में रुचि भट्ट ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ महिलाओं को सरकार की योजनाओं से जोड़ने पर फोकस किया। उनकी सबसे बड़ी विशेषता संगठन और समाज के बीच सीधा संवाद रही। उन्होंने विभिन्न जिलों और मंडलों का प्रवास कर स्वयं सहायता समूहों, महिला उद्यमियों और कार्यकर्ताओं से संवाद किया। टिहरी प्रवास के दौरान महिला उद्यमिता और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की पहलों का अवलोकन किया।
आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रदेशभर में लखपति दीदी सम्मेलनों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार, ऋण सुविधाओं और सरकारी योजनाओं से जोड़ा गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।
रुचि भट्ट ने वर्ष की शुरुआत में प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में घर-घर संपर्क का रोडमैप तैयार किया और अब तक 46 विधानसभाओं में प्रवास कर जनसंपर्क किया। रक्षाबंधन जैसे पर्वों को भी सामाजिक संवाद का माध्यम बनाया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिला हितैषी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति तक पहुंचाना ही मोर्चा का लक्ष्य है। महिला मोर्चा ने चंपावत प्रकरण सहित विभिन्न सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों पर मुखरता से आवाज उठाई।
एक वर्ष की यह यात्रा केवल कार्यकाल पूरा होने का अवसर नहीं, बल्कि संगठन को नई ऊर्जा और महिलाओं को नई आवाज देने का प्रयास है, जो आगामी विधानसभा चुनावों के लिए मजबूत आधार बनेगा।

Recent Comments