प्रशांत आर्य के निर्देश पर झीलों और जलस्रोतों में होगी विशेष तलाश, 6 सदस्यीय डीप ड्राइव टीम सक्रिय

भटवाड़ी/उत्तरकाशी। दयारा बुग्याल ट्रैकिंग रूट से लापता महिला की तलाश के लिए चलाया जा रहा सर्च एवं रेस्क्यू अभियान अब और तेज कर दिया गया है। दुर्गम पहाड़ी भूभाग, घने जंगलों और चुनौतीपूर्ण मौसम के बीच जिला प्रशासन ने खोज अभियान को युद्धस्तर पर जारी रखते हुए विभिन्न एजेंसियों को समन्वित रूप से मैदान में उतारा है। प्रशासन का कहना है कि संभावित सभी क्षेत्रों में गहन तलाशी ली जा रही है और महिला का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

भटवाड़ी तहसील अंतर्गत दयारा बुग्याल ट्रैक क्षेत्र में चल रहे इस व्यापक अभियान की लगातार मॉनिटरिंग जिलाधिकारी प्रशांत आर्य स्वयं कर रहे हैं। उन्होंने रेस्क्यू टीमों को पूरी तत्परता, सतर्कता और तेजी के साथ अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं, ताकि लापता महिला तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके।

सर्च ऑपरेशन में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस, वन विभाग, राजस्व विभाग तथा आपदा प्रबंधन की क्यूआरटी टीम सहित अन्य संबंधित एजेंसियों के कार्मिक सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सभी टीमें संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन कर रही हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि अभियान में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर खोज अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए 6 सदस्यीय डीप ड्राइव (विशेष खोज) टीम का भी गठन किया गया है। यह टीम रैथल पहुंच चुकी है और आज से क्षेत्र में विशेष सर्च ऑपरेशन शुरू करेगी। टीम खास तौर पर संभावित झीलों, जलस्रोतों और पानी वाले स्थलों पर गहन तलाशी अभियान चलाएगी, ताकि खोज के दायरे को और व्यापक बनाया जा सके।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, दयारा बुग्याल ट्रैक का इलाका प्राकृतिक रूप से बेहद कठिन और संवेदनशील है, ऐसे में खोज अभियान को तकनीकी सतर्कता और जमीनी समन्वय के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। फिलहाल जिला प्रशासन की पूरी प्राथमिकता लापता महिला का शीघ्र पता लगाना और सुरक्षित रेस्क्यू सुनिश्चित करना है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments