

रविवार को बुलाई गई बैठक, अधिकारियों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
देहरादून। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक ने कार्मिक हितों को सर्वोपरि रखते हुए रविवार, 23 अगस्त को अवकाश के दिन विशेष बैठक बुलाई। बैठक का मकसद मानव संसाधन अनुभाग में लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण को सुनिश्चित करना था।
बैठक में मानव संसाधन अनुभाग के अधिशासी निदेशक आर.जे. मलिक ने कार्मिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रबंध निदेशक के समक्ष रखा। प्रबंध निदेशक ने संबंधित अधिकारियों व कार्मिकों से प्रत्येक प्रकरण की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रबंध निदेशक ने स्पष्ट कहा कि कार्मिकों से संबंधित प्रकरणों के निपटारे में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों की नियमानुसार जांच करते हुए प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जाएगी और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कार्यों की प्रगति पर निगरानी रखी जाएगी।
बैठक के दौरान मानव संसाधन अनुभाग के अधिकारियों ने लंबित प्रकरणों की अद्यतन स्थिति से प्रबंध निदेशक को अवगत कराया और प्रकरणवार आवश्यक कार्रवाई को लेकर दिशा-निर्देश प्राप्त किए। छुट्टी के दिन बैठक बुलाए जाने के पीछे मंशा यही रही कि लंबित मामलों के निपटारे में तेजी लाई जाए और कार्मिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके। यूपीसीएल ने कार्मिक हितों से जुड़े मामलों के त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

Recent Comments