

श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के 100 करोड़ से अधिक के बकाया भुगतान का जल्द होगा निस्तारण: स्वास्थ्य मंत्री
देहरादून। उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने रविवार को श्री दरबार साहिब में मत्था टेका। उन्होंने श्री दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज से शिष्टाचार भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान दोनों के बीच उत्तराखंड की स्वास्थ्य सेवाओं और समसामयिक विषयों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के तहत लंबित भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठा। उल्लेखनीय है कि आयुष्मान योजना, गोल्डन कार्ड सहित विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के लाभार्थियों के उपचार का 100 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान अभी भी लंबित है।
इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार बजट की व्यवस्था कर रही है और जल्द ही अस्पताल को बकाया राशि का भुगतान कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लंबित भुगतान के लिए आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर ली जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने उत्तराखंड की स्वास्थ्य सेवाओं में श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के उल्लेखनीय योगदान की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने विशेष रूप से आयुष्मान योजना और राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं के सफल संचालन के लिए अस्पताल के चेयरमैन श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज को बधाई दी। श्री दरबार साहिब की परंपरा के अनुसार स्वास्थ्य मंत्री का स्वागत किया गया और श्री महाराज जी ने उन्हें श्री दरबार साहिब का स्मृति चिन्ह भेंट किया।
इस अवसर पर श्री महाराज जी ने स्वास्थ्य मंत्री को एसजीआरआर एजुकेशन मिशन के तहत संचालित स्कूलों और श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय द्वारा दी जा रही शिक्षा के बारे में भी जानकारी दी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि एसजीआरआर ग्रुप दशकों से उचित दरों पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में मानवता की सेवा का सराहनीय कार्य कर रहा है और भविष्य में भी यह जनकल्याण के कार्य इसी प्रकार करता रहेगा।


Recent Comments