हिमालयी राज्यों में EV चार्जिंग में उत्तराखंड बना नंबर-1, पांच साल में लगे 221 चार्जिंग स्टेशन

प्रदेश में 1.04 लाख EV पंजीकृत, चारधाम और पर्यटन मार्गों पर फास्ट चार्जिंग नेटवर्क होगा और मजबूत – परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा

देहरादून। ग्रीन मोबिलिटी की दिशा में उत्तराखंड ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश हिमालयी राज्यों में इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में पहले स्थान पर पहुंच गया है। पिछले पांच वर्षों में राज्य में 221 EV चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं।

परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि स्थापित 221 स्टेशनों में 84 फास्ट चार्जर और 137 स्लो चार्जर शामिल हैं। इसके अलावा केंद्र सरकार की FAME-II योजना के तहत 61 अतिरिक्त चार्जिंग यूनिट भी प्रदेश में लगाई गई हैं।

परिवहन मंत्री ने बताया कि राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या भी तेजी से बढ़ी है। उत्तराखंड में पंजीकृत EV की संख्या 1.04 लाख तक पहुंच गई है, जिसमें अकेले पिछले तीन वर्षों में 58 हजार से अधिक वाहन शामिल हुए हैं।

उन्होंने तुलनात्मक आंकड़े पेश करते हुए कहा कि उत्तराखंड इस क्षेत्र में अन्य हिमालयी राज्यों से काफी आगे है। उत्तराखंड में 221 स्टेशन हैं, जबकि जम्मू-कश्मीर में 180, हिमाचल प्रदेश में 133, मेघालय में 62, मणिपुर में 58, त्रिपुरा में 55, सिक्किम में 12 और लद्दाख में मात्र 1 चार्जिंग स्टेशन है।

श्री बत्रा ने कहा कि यह उपलब्धि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार की ग्रीन मोबिलिटी के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश में EV के लिए मजबूत, व्यापक और सुविधाजनक चार्जिंग नेटवर्क तैयार करना है। विशेष रूप से चारधाम यात्रा और उच्च यातायात वाले पर्यटन मार्गों पर फास्ट चार्जिंग नेटवर्क को मजबूत करने पर फोकस है।

उन्होंने बताया कि EV के बढ़ते उपयोग से बिजली खपत भी बढ़ेगी। वर्तमान में EV से संबंधित बिजली खपत लगभग 15.7 लाख यूनिट वार्षिक है, जिसके 2025-26 में 23.6 लाख यूनिट, 2026-27 में 74.4 लाख यूनिट और 2027-28 में 234.8 लाख यूनिट तक पहुंचने का अनुमान है। इसके लिए चार्जिंग स्टेशनों को पर्याप्त विद्युत लोड उपलब्ध कराने पर काम किया जा रहा है।

परिवहन मंत्री ने कहा कि सरकार केवल चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तक सीमित नहीं है, बल्कि सार्वजनिक परिवहन के विद्युतीकरण को भी प्राथमिकता दे रही है। परिवहन निगम की बसों को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक किया जा रहा है और पुरानी बसों को भी इलेक्ट्रिक में परिवर्तित करने पर कार्य चल रहा है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments