देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कांग्रेस पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, कांग्रेस भवन में एक कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पार्टी ध्वजारोहण किया, जिसके बाद कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं और कांग्रेसजनों ने वन्दे मातरम् और राष्ट्रगान गाया। कार्यक्रम में मिष्ठान वितरण भी किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कांग्रेसजनों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस विश्व की सबसे पुरानी लोकतांत्रिक पार्टी है और इसका देश की आजादी में अग्रणी योगदान रहा है। उन्होंने 28 दिसंबर, 1885 को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थापना का जिक्र करते हुए कहा कि इस दिन ने भारतीय जनता में आत्मविश्वास और राष्ट्रीयता की भावना जगाई। ए.ओ. डब्लू ह्यूम, एनी बेसेन्ट, बाल गंगाधर तिलक, गोपाल कृष्ण गोखले, राना डे जैसे नेताओं ने इस संगठन के माध्यम से देश को एकसूत्र में बांधने का काम किया।
गोदियाल ने कहा, “कांग्रेस पार्टी का इतिहास बलिदान का रहा है। देश की आजादी से लेकर आज तक उसने हमेशा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के लिए अनेक बलिदान दिए हैं।” उन्होंने कांग्रेस को सभी समुदायों के प्रति सद्भाव रखने वाली पार्टी बताया और कार्यकर्ताओं से विचारधारा की रक्षा के लिए तन-मन-धन से जुड़े रहने का आह्वान किया।


गोदियाल ने आगे कहा, “देश की आजादी के बाद लोगों ने कांग्रेस से खुशहाली की उम्मीद लगाई थी। कांग्रेस के महानायकों ने विपरीत परिस्थितियों में भी देश को मजबूत बनाने का काम किया। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस को एक ऐसी विरासत मिली है, जो दुनिया की किसी और पार्टी के पास नहीं है। कांग्रेस अब परिपक्वता प्राप्त कर चुकी है और भारत के लोगों का विश्वास अर्जित कर चुकी है।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य एक ऐसे भारत का निर्माण करना है, जो विषमताओं और शोषण से मुक्त हो और जहां सभी नागरिक खुशहाली, दोस्ती और शांति के साथ रह सकें। गोदियाल ने विश्वास जताया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी इस ऐतिहासिक लक्ष्य को पूरा करेगी।
उक्त कार्यक्रम में पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र सिंह भण्डारी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला सहित प्रदेश व जिला स्तर के पदाधिकारी, सेवादल प्रतिनिधि तथा सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने पार्टी की विचारधारा और मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Recent Comments