

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने CM धामी को पत्र लिखकर दी जानकारी, राज्य में मजबूत होगी विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवा
देहरादून। उत्तराखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार को लेकर बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा केंद्र सरकार के समक्ष रखे गए दो महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने सकारात्मक पहल की है।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री धामी को पत्र भेजकर जानकारी दी है कि दोनों प्रस्तावों को विभागीय परीक्षण के लिए भेज दिया गया है।
पहला प्रस्ताव हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के अंतर्गत सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना का है। इस प्रस्ताव पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा संबंधित विभाग / प्रभाग से परीक्षण कराया जा रहा है।
इसी तरह दूसरा प्रस्ताव इसी विश्वविद्यालय के अंतर्गत पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना का है। इस पर भी मंत्रालय के संबंधित प्रभाग द्वारा परीक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा था कि इन दोनों संस्थानों की स्थापना से राज्य में उच्च स्तरीय चिकित्सा और पैरामेडिकल शिक्षा के साथ विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा। सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनने से गंभीर और जटिल बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को राज्य से बाहर नहीं जाना पड़ेगा और प्रदेश में ही विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकेंगी।
वहीं पैरामेडिकल कॉलेज खुलने से प्रदेश को प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ मिलेगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत तकनीकी आधार मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।
मुख्यमंत्री ने दोनों प्रस्तावों पर केंद्र द्वारा परीक्षण शुरू करने को उत्तराखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

Recent Comments