

राहुल गांधी ने किया शुभारंभ, राजीव गांधी फाउंडेशन के तत्वावधान में दिल्ली में हुआ आयोजन
देहरादून। राजीव गांधी फाउंडेशन के तत्वावधान में राजीव गांधी स्टडी सर्किल द्वारा आयोजित अखिल भारतीय स्तरीय प्रतियोगिता “हरा भरा स्वराज” में उत्तराखंड के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पुरस्कार अपने नाम किए। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर नई दिल्ली के जवाहर भवन में आयोजित इस सेमिनार का शुभारंभ लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने किया।
उत्तराखंड स्टूडेंट्स सेक्रेटरी सुप्रिया धस्माना के नेतृत्व में 25 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने इस राष्ट्रीय आयोजन में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में राजीव गांधी फाउंडेशन के चेयरमैन व राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित ट्रस्टी सुमन दुबे, विजय महाजन, प्रोफेसर सतीश राय और सौरभ राय ने भी अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम संयोजिका डॉ. चयनिका उनियाल ने आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि “हरा भरा स्वराज” पर्यावरणीय चुनौतियों के प्रति युवाओं को जागरूक करने के राष्ट्रव्यापी अभियान का हिस्सा है। उन्होंने ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन जैसे अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर देशभर के युवाओं की सकारात्मक सोच को उत्साहवर्धक बताया।
समापन सत्र का संचालन करते हुए सुप्रिया धस्माना ने कहा कि वे उस उत्तराखंड से आती हैं जो पद्मविभूषण सुंदरलाल बहुगुणा और चिपको आंदोलन की प्रणेता गौरा देवी की जन्मभूमि है। उन्होंने प्रदेश में नब्बे के दशक के भूकंपों और 2013 की केदारनाथ आपदा का जिक्र करते हुए कहा कि 67 प्रतिशत वन भूभाग वाले इस राज्य में गंगा, यमुना और शारदा जैसी नदियों तथा राष्ट्रीय पार्कों के महत्व को समझा जा सकता है। उन्होंने आगामी समय में उत्तराखंड में भी ऐसा सेमिनार आयोजित करने की घोषणा की।


प्रतियोगिता के तहत “पर्यावरणीय मुद्दों पर केस स्टडी” श्रेणी में शीर्ष दस विजेताओं में उत्तराखंड की उन्नति केशटवाल को सातवां पुरस्कार मिला। वहीं पर्यावरणीय मुद्दों पर सर्वश्रेष्ठ प्रश्न पूछने वाले पंद्रह विजेताओं में ग्राफिक एरा के अतुल कुमार नैथानी को पांचवां और डीएवी कॉलेज के आयुष रावत को सातवां पुरस्कार प्राप्त हुआ।

Recent Comments