समाज और संस्कृति के संरक्षण के लिए एकजुट हुईं उत्तराखंड की महिलाएं, नई कार्यकारिणी घोषित

देहरादून में ‘देवभूमि मातृशक्ति संगम’ का हुआ आगाज, इंदु बाला को मिली बड़ी जिम्मेदारी

कैंट विधायक सविता कपूर बनीं देवभूमि मातृशक्ति संगम की संरक्षक, मातृशक्ति के उत्थान पर दिया जोर

देहरादून। उत्तराखंड में महिलाओं के उत्थान, धर्म-संस्कार और सेवा भाव को धरातल पर उतारने के संकल्प के साथ ‘देवभूमि मातृशक्ति संगम’ का विधिवत गठन कर दिया गया है। लाल पुल स्थित एक निजी सभागार में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक के दौरान सर्वसम्मति से संगठन का ढांचा तैयार किया गया, जिसमें समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय इंदु बाला को अध्यक्ष पद की कमान सौंपी गई है।

नीलम शर्मा को संगठन की नई महासचिव नियुक्त किया गया है। बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि यह संस्था न केवल महिला सशक्तिकरण की दिशा में काम करेगी, बल्कि सनातन संस्कृति और संस्कारों के प्रचार-प्रसार को भी प्रमुखता देगी।

संस्था के विस्तार के लिए गठित कार्यकारिणी में एकता रावल को उपाध्यक्ष और मीनू दीदान को संगठन मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही ऊषा नागर को सहमंत्री और सुनीता अरोड़ा को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। कार्यकारिणी के अन्य सदस्यों के रूप में रमा वर्मा, मोना, अनीता, बीना अरोड़ा, कुंती अरोड़ा, सीमा और श्यामा शर्मा के नामों की घोषणा की गई।

संगठन के मार्गदर्शन के लिए एक सशक्त संरक्षक मंडल भी तैयार किया गया है। टपकेश्वर महादेव मंदिर के श्री 108 महंत कृष्णागिरि जी महाराज को मुख्य संरक्षक का दायित्व सौंपा गया है। उनके साथ ही क्षेत्रीय विधायक सविता कपूर, प्रख्यात कथावाचक पंडित सुभाष चंद्र जोशी और पंडित शशि कुमार शर्मा को संरक्षक नियुक्त किया गया है।

कैंट विधायक सविता कपूर ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज के दौर में महिलाओं का संगठित होना समाज की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब मातृशक्ति अपनी परंपराओं और संस्कारों को बचाने के लिए आगे आती है, तो समाज की नींव मजबूत होती है। विधायक ने संगठन को हर संभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।

प्रचार और मीडिया प्रबंधन के लिए भी विशेष नियुक्तियां की गई हैं। पंडित ललित शर्मा को सूचना एवं प्रचार सचिव का कार्यभार दिया गया है, जबकि अवनीश कांत शर्मा को प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी बनाया गया है। सुनील अग्रवाल सलाहकार के रूप में संगठन को अपनी सेवाएं देंगे।

नवनियुक्त अध्यक्ष इंदु बाला ने सभी पदाधिकारियों को उनके दायित्व पत्र सौंपते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की चुनौतियों को देखते हुए देश, समाज और संस्कृति के उत्थान में महिलाओं की भागीदारी अनिवार्य है।

कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों ने अपने कर्तव्यों के प्रति पूर्ण समर्पण और जागरूकता के साथ काम करने की शपथ ली।

इस अवसर पर कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में कैंट विधायक सविता कपूर, वरिष्ठ पत्रकार डॉ.वी.डी.शर्मा, राजकुमार छाबड़ा, सूर्य प्रकाश भट्ट समेत भारी संख्या के मातृशक्ति आदि लोग उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments