“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जन-जन को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे : सुबोध उनियाल

नरेंद्रनगर । लोकपर्व हरेला-2026 के अवसर पर नरेंद्रनगर वन प्रभाग, मुनिकीरेती द्वारा पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय, नरेंद्रनगर में आयोजित “हर गाँव का यही पैगाम, एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम में वन मंत्री श्री सुबोध उनियाल मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनका संरक्षण करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री सुबोध उनियाल ने कहा कि हरेला उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण का लोकपर्व है। यह पर्व हमें पर्यावरण के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराता है और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य सुनिश्चित करने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति के प्रति सम्मान और संरक्षण का जनआंदोलन है।

उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर देशभर में चल रहा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार भी व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण, वन संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा जनभागीदारी के माध्यम से हरित उत्तराखंड के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

वन मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करने का संकल्प ले, तो जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों एवं सामाजिक संगठनों से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय के अधिकारियों, विद्यार्थियों, स्थानीय नागरिकों एवं बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमियों ने सहभागिता करते हुए वृक्षारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments