

सीएचसी रायपुर में हाई-टेक कलर डॉप्लर अल्ट्रासाउंड मशीन शुरू, स्थानीय मरीजों को मिलेगा बड़ा लाभ
देहरादून। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ और आधुनिक बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रायपुर में अत्याधुनिक हाई-एंड कलर डॉप्लर अल्ट्रासाउंड मशीन का शुभारंभ किया गया। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने स्वामी विवेकानंद फाउंडेशन के सहयोग तथा ओएनजीसी के सीएसआर फंड से स्थापित इस मशीन का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को उसके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि नई मशीन शुरू होने से रायपुर और आसपास के हजारों लोगों को विशेषज्ञ स्तर की अल्ट्रासाउंड जांच स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगी। इससे मरीजों को बड़े अस्पतालों का रुख करने की आवश्यकता कम होगी और समय के साथ आर्थिक बोझ भी घटेगा।
उन्होंने बताया कि यह मशीन गर्भावस्था से जुड़ी आवश्यक जांचों के अलावा हृदय, रक्त वाहिकाओं तथा अन्य आंतरिक अंगों से संबंधित कई जटिल बीमारियों की जांच में भी उपयोगी साबित होगी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि पीसी-पीएनडीटी अधिनियम के सभी नियमों का कड़ाई से पालन किया जाएगा और भ्रूण लिंग परीक्षण जैसी गैरकानूनी गतिविधियों के प्रति सरकार की शून्य सहनशीलता की नीति जारी रहेगी।

स्थानीय विधायक उमेश शर्मा काऊ ने कहा कि सीएचसी रायपुर केवल रायपुर क्षेत्र ही नहीं, बल्कि टिहरी जनपद के सीमावर्ती इलाकों के लोगों के लिए भी प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने अस्पताल की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए इसे 50 बेड तक विस्तारित करने का प्रस्ताव भी रखा, ताकि अधिक लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने इस पहल को क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि नई मशीन से मरीजों को तेज, सटीक और विशेषज्ञ जांच सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, ओएनजीसी के नीरज शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, सीएचसी रायपुर की प्रभारी डॉ. इंदु पाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Recent Comments