

सतपुली, पौड़ी गढ़वाल। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने कहा कि श्रमिक केवल श्रमशक्ति नहीं, बल्कि उत्तराखंड की विकासशक्ति हैं। सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
महाराज बुधवार को सतपुली स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में श्रम विभाग द्वारा आयोजित श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत प्रदेश में सबसे पहले चौबट्टाखाल विधानसभा में यह शिविर लगाया गया है और पिछले चार दिनों में 2779 से अधिक श्रमिक कार्ड बनाए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार शिविरों के माध्यम से श्रमिकों को कार्यालयों के चक्कर से बचाना चाहती है। मनरेगा के 9.5 लाख सक्रिय श्रमिकों को भी बोर्ड से जोड़ा जा रहा है, 90 दिन काम करने वाले मनरेगा श्रमिक अब कल्याण योजनाओं के पात्र होंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जब तक सभी श्रमिकों के कार्ड नहीं बन जाते, शिविर जारी रखा जाए और शिविर का समय बढ़ाया जाए।
महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पीएम नरेंद्र मोदी के “श्रमेव जयते” मंत्र पर यह अभियान चल रहा है। बोर्ड के तहत पुत्री विवाह अनुदान, शिक्षा छात्रवृत्ति, चिकित्सा सहायता, मातृत्व लाभ, औजार सहायता और दुर्घटना सहायता जैसी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र श्रमिक को समय पर मिलना चाहिए। उन्होंने शिविर में अनुपस्थित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सरवेंद्र, जिला मंत्री बृजमोहन रावत, विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र रावत, दिगंबर रावत, वेद प्रकाश वर्मा, अंकित कुमार, गंगा खंतवाल, अंजना वर्मा सहित कई भाजपा कार्यकर्ता और अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments