
देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष देश की प्रगति, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के स्वर्णिम काल के रूप में स्थापित हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यकाल आत्मविश्वास से भरे, सुरक्षित और विश्व मंच पर भारत की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने वाला रहा है।
प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के सर्वाधिक लंबे समय तक निर्वाचित रहने वाले प्रधानमंत्री बने हैं और उनके नेतृत्व में भारत ने विकासशील देश की सीमाओं से आगे बढ़कर विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेज़ी से कदम बढ़ाए हैं। उन्होंने कहा कि 2014, 2019 और 2024 के जनादेश यह दर्शाते हैं कि अब देश की जनता “काम पर वोट” देती है।
धामी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले योजनाएं केवल कागजों तक सीमित रहती थीं, जबकि वर्तमान सरकार में योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने का काम किया है। डिजिटल क्रांति और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 4.31 लाख करोड़ रुपये की धनराशि गलत हाथों में जाने से बचाई गई है, जिससे पारदर्शिता और विकास को गति मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में देश में सांस्कृतिक और धार्मिक पुनर्जागरण भी हुआ है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के साथ-साथ काशी, केदारनाथ, बद्रीनाथ, महाकाल और सोमनाथ जैसे धार्मिक स्थलों का विकास राष्ट्रीय गौरव को नई ऊंचाई देता है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीति तुष्टिकरण नहीं, बल्कि संतुष्टीकरण पर आधारित है।
जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 4 करोड़ गरीबों को आवास और 11 करोड़ महिलाओं को उज्ज्वला योजना का लाभ मिला है। आयुष्मान भारत, जन-धन योजना, स्वच्छ भारत और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने आमजन के जीवन स्तर में व्यापक सुधार किया है।
राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नया भारत अब आतंकवाद का जवाब निर्णायक कार्रवाई से देता है। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसी कार्रवाइयों ने भारत की नई सुरक्षा नीति को दर्शाया है। साथ ही नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया है।
इंफ्रास्ट्रक्चर विकास का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देश में सड़क निर्माण की गति 11 किमी प्रतिदिन से बढ़कर 34 किमी प्रतिदिन से अधिक हो गई है। वंदे भारत ट्रेन, अटल टनल, चेनाब ब्रिज और आधुनिक रेलवे स्टेशन नए भारत की पहचान बन चुके हैं। भारत अब दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा घरेलू विमानन बाजार भी बन गया है।

उत्तराखंड के संदर्भ में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विशेष स्नेह से राज्य में 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं संचालित हो रही हैं। चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और दिल्ली-देहरादून आर्थिक कॉरिडोर से कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव आया है। केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम पुनर्विकास ने राज्य को वैश्विक धार्मिक मानचित्र पर स्थापित किया है।
उन्होंने बताया कि केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाएं तीर्थाटन को और सुगम बनाएंगी। वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत सीमांत क्षेत्रों में विकास की नई धारा पहुंची है। माणा गांव को देश का पहला गांव बनाने की पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। प्रदेश में 2.54 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं, जो महिला सशक्तिकरण का उदाहरण है।
धामी ने कहा कि जमरानी, लखवाड़-व्यासी और किसाऊ जैसी लंबित परियोजनाओं को डबल इंजन सरकार ने गति दी है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि उनके लिए उत्तराखंड केवल चुनावी पर्यटन का केंद्र रहा है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी का राज्य से गहरा भावनात्मक और आध्यात्मिक संबंध है।

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के प्रति समर्पण के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी सशक्त पहचान बनाई है और उत्तराखंड भी विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश और राज्य में हुए कार्यों पर आधारित एक लघु वृत्तचित्र भी प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, उपाध्यक्ष अनिल गोयल, मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, सह प्रभारी राजेंद्र नेगी और प्रवक्ता कमलेश रमन सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments