देहरादून,01फरवरी2025(आरएनएस) देहरादून में भू-माफियाओं के खिलाफ एसएसपी दून का शिकंजा कसता जा रहा है। एनआरआई महिला की करोड़ों की संपत्ति के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उस पर कब्जा करने का प्रयास करने वाले शेरखान गिरोह के एक और सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
गिरोह के चार सदस्य पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल
सहारनपुर के शेरखान गिरोह का शातिर सदस्य मो० अकबर दून पुलिस की गिरफ्त में आया है। इससे पहले शेरखान गैंग के मुख्य सदस्य सोनू मूंछ सहित 04 अभियुक्तों को दून पुलिस जेल भेज चुकी है। एसएसपी के निर्देशन में गिरोह के सरगना शेरखान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम उत्तर प्रदेश में दबिश दे रही है, जल्द ही गिरफ्तारी की उम्मीद है।
क्या था मामला?
थाना राजपुर में 21/11/2024 को श्रीमती सुमन देवी निवासी किशनपुर ने तहरीर दी थी कि उनकी सहेली श्रीमती रितु मेहता द्वारा किशनपुर स्थित उनके जमीन व बंगले की देखरेख हेतु उनको रखा गया था। शेरखान नाम के एक व्यक्ति द्वारा अपने साथियों के साथ उक्त जमीन व बंगले के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उस पर कब्जा करने का प्रयास किया गया।
पुलिस की कार्रवाई
- थाना राजपुर में मुकदमा दर्ज किया गया।
- एसएसपी देहरादून ने सभी थाना प्रभारी को धोखाधड़ी से संबंधित विवेचनाओं का जल्दी निस्तारण करने के निर्देश दिए।
- पुलिस ने रजिस्ट्री कार्यालय, राजस्व विभाग और विभिन्न बैंकों से दस्तावेज प्राप्त किए।
- मुखबिर की सूचना पर गिरोह के 04 अभियुक्तों को 27/12/24 को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
- पूछताछ में सहारनपुर निवासी अभियुक्त अकबर का नाम सामने आया, जिसे 01/02/2025 को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
अभियुक्तों ने बताया कि वे सभी शेरखान के लिए काम करते हैं, जिसने जमीनों पर कब्जा करने के लिए एक गिरोह बना रखा है। यह गिरोह शहर में खाली जमीन व मकानों की रेकी कर फर्जी दस्तावेज तैयार करता है और फिर उन पर कब्जा करता है।
पुलिस की आगे की कार्रवाई
पुलिस अब ऐसी सभी जमीनों और मकानों की जांच कर रही है, जिन पर गिरोह ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कब्जा किया है।
गिरफ्तार अभियुक्त - मो० अकबर पुत्र अब्दुल वहीद, निवासी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश।
पुलिस टीम - उ०नि० पी०डी० भट्ट, थानाध्यक्ष राजपुर
- उ०नि० प्रवेश रावत
- उ०नि० बलबीर सिंह
- कां० सुशील

Recent Comments